Milk Price: महंगा हो सकता है दूध, यूनियनों ने की ₹8-10 तक बढ़ोतरी की मांग, जानें किस राज्य में रखा कीमत बढ़ाने का प्रस्ताव

Edited By Updated: 23 Sep, 2026 11:58 AM

milk prices may rise unions demand hike of rs 8 10

दूध की कीमतों में बढ़ोतरी की मांग तेज हो गई है। कर्नाटक की सहकारी दुग्ध उत्पादक यूनियनों ने बढ़ती उत्पादन लागत का हवाला देते हुए नंदिनी दूध की खरीद और खुदरा कीमतों में 8-10 रुपए प्रति लीटर तक इजाफा करने की मांग की है। इस मामले में मुख्यमंत्री डी.के....

नई दिल्लीः दूध की कीमतों में बढ़ोतरी की मांग तेज हो गई है। कर्नाटक की सहकारी दुग्ध उत्पादक यूनियनों ने बढ़ती उत्पादन लागत का हवाला देते हुए नंदिनी दूध की खरीद और खुदरा कीमतों में 8-10 रुपए प्रति लीटर तक इजाफा करने की मांग की है। इस मामले में मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने अधिकारियों से लागत और दूध की कीमतों से जुड़े विस्तृत आंकड़े जुटाने को कहा है। 

10 साल के आंकड़े जुटाने के निर्देश 

मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे पिछले 10 सालों में पशु चारे की कीमतों में बढ़ोतरी, एक लीटर दूध के उत्पादन की लागत, हर जिले में उत्पादित और बेचे गए दूध की मात्रा और यूनियनों द्वारा खरीदे गए दूध की मात्रा के बारे में विस्तृत आंकड़े उपलब्ध कराएं। मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) के एक बयान के अनुसार, कर्नाटक के मुख्यमंत्री ने पड़ोसी राज्यों में दूध की खरीद और खुदरा कीमतों का विवरण भी मांगा है। 

चारे और रखरखाव की बढ़ी लागत से डेयरी किसान परेशान

बेंगलुरु शहरी, ग्रामीण और रामनगर जिला सहकारी दुग्ध उत्पादक सोसायटी यूनियन लिमिटेड के चेयरमैन डी.के. सुरेश ने कहा कि पशु चारे, हरे चारे, पशुओं की दवाओं और रखरखाव से जुड़ी लागत में काफी बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि सूखे की स्थिति के कारण फसल को हुए नुकसान से किसानों की आय प्रभावित हुई है। वहीं, चारे की उपलब्धता कम होने से डेयरी किसानों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।

डेढ़ साल से कीमतों में बदलाव नहीं

डी.के. सुरेश के मुताबिक, कई राज्यों में सहकारी संस्थाओं और निजी डेयरियों ने दूध तथा दुग्ध उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी की है। इसके विपरीत, कर्नाटक की दुग्ध यूनियनों ने उपभोक्ताओं के हितों को ध्यान में रखते हुए करीब डेढ़ साल से दूध की कीमतों में बदलाव नहीं किया है।

मुंबई में दूध की थोक कीमत 9 रुपए बढ़ी

इस बीच, बॉम्बे मिल्क प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन (BMPA) ने मुंबई में डेयरियों और फार्म से मिलने वाले दूध की थोक कीमत में 1 सितंबर 2026 से 9 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी। इसके बाद दूध की कीमत 93 रुपए से बढ़कर 102 रुपए प्रति लीटर हो गई। BMPA ने कीमत बढ़ाने के पीछे पशुओं के चारे और रखरखाव की बढ़ती लागत को प्रमुख वजह बताया था।
 
 

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!