भगोड़े मेहुल चोकसी को बड़ा झटका, बेल्जियम की कोर्ट ने भारत प्रत्यर्पण की मंजूरी दी

Edited By Updated: 17 Oct, 2025 11:12 PM

big blow to fugitive mehul choksi

बेल्जियम की एक अदालत ने भगोड़े हीरा व्यापारी मेहुल चोकसी के प्रत्यर्पण को शुक्रवार को मंजूरी दे दी। अदालत ने यह फैसला भारत के अनुरोध पर बेल्जियम के अधिकारियों द्वारा की गई उसकी गिरफ्तारी को वैध ठहराते हुए सुनाया।

इंटरनेशनल डेस्कः बेल्जियम की एक अदालत ने भगोड़े हीरा व्यापारी मेहुल चोकसी के प्रत्यर्पण को शुक्रवार को मंजूरी दे दी। अदालत ने यह फैसला भारत के अनुरोध पर बेल्जियम के अधिकारियों द्वारा की गई उसकी गिरफ्तारी को वैध ठहराते हुए सुनाया। घटनाक्रम से जुड़े अधिकारियों ने यह जानकारी दी। यह फैसला भारत के लिए एक बड़ी जीत माना जा रहा है, क्योंकि अदालत ने चोकसी की गिरफ्तारी को सही ठहराया है। हालांकि, मामला अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है, क्योंकि चोकसी के पास एंटवर्प (बेल्जियम) की अदालत के इस फैसले के खिलाफ बेल्जियम की उच्च न्यायालय में अपील करने का विकल्प मौजूद है।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “आदेश हमारे पक्ष में आया है। अदालत ने भारत के अनुरोध पर बेल्जियम के अधिकारियों द्वारा की गई उसकी गिरफ्तारी को वैध करार दिया है। अब उसे भारत लाने की कानूनी प्रक्रिया का पहला चरण स्पष्ट हो गया है।” बेल्जियम के अभियोजकों को भारत के विदेश मंत्रालय और सीबीआई (केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो) अधिकारियों का पूरा सहयोग मिला, जिन्होंने अदालत में यह दलील मजबूती से रखी कि चोकसी ने अपने नजदीकी रिश्तेदार नीरव मोदी के साथ मिलकर पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के करीब 13,000 करोड़ रुपये का घोटाला किया है।

अधिकारियों ने बताया कि अभियोजकों ने अदालत को यह भी बताया कि चोकसी के फरार होने का खतरा है, इसलिए उसे जेल से रिहा नहीं किया जा सकता। सितंबर के मध्य में हुई सुनवाई में बेल्जियम के अभियोजकों और चोकसी के वकीलों की दलीलें सुनने के बाद, अदालत ने फैसला दिया कि उसकी गिरफ्तारी वैध थी। अधिकारियों ने बताया कि चोकसी (66) को सीबीआई के प्रत्यर्पण अनुरोध के आधार पर 11 अप्रैल को बेल्जियम में गिरफ्तार किया गया था। उसकी जमानत याचिकाएं वहां की विभिन्न अदालतों द्वारा खारिज कर दी गई हैं। भारत ने बेल्जियम के अधिकारियों को यह भी भरोसा दिलाया है कि अगर चोकसी को वहां से प्रत्यर्पित किया जाता है, तो उसे मुंबई की आर्थर रोड जेल की बैरक संख्या 12 में रखा जाएगा।

मंत्रालय ने चार सितंबर को एक पत्र के माध्यम से बेल्जियम के अधिकारियों को सूचित किया कि जेल के बैरक संख्या 12 में प्रत्येक कैदी के लिए रहने का स्थान सजा के दौरान यातना की रोकथाम से संबंधित यूरोप की एक समिति की आवश्यकताओं के अनुरूप है। चोकसी धोखाधड़ी करके एंटीगुआ और बारबुडा भाग गया था और घोटाले का खुलासा होने से महीनों पहले उसने वहां की नागरिकता ले ली थी। मेहुल चोकसी के बेल्जियम में पकड़े जाने के बाद सीबीआई, विदेश मंत्रालय और गृह मंत्रालय ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी ताकि उसे भारत लाकर उसपर मुकदमा चलाया जा सके।

गृह मंत्रालय के पत्र में कहा गया है कि जिस कोठरी में चोकसी को कैद रखा जाएगा, वह लगभग 20 फुट लंबी और 15 फुट चौड़ी है और इसमें अलग शौचालय व वाशरूम है। पत्र में बताया गया है कि छत की ऊंचाई लगभग 15 फुट है, जिसमें तीन खिड़कियां, पांच ऊपरी वेंटिलेटर और एक ग्रिल वाला मुख्य दरवाजा है। अधिकारियों ने बताया कि चोकसी और उसका नजदीकी रिश्तेदार नीरव मोदी पंजाब नेशनल बैंक के 13,000 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में वांछित हैं। उन्होंने इस धोखाधड़ी को पीएनबी की मुंबई स्थित ब्रैडी हाउस शाखा के कुछ बैंक अधिकारियों की मिलीभगत से कथित तौर पर फर्जी गारंटी पत्र के जरिए अंजाम दिया था। भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित नीरव मोदी 2019 से लंदन की जेल में बंद है। 

Related Story

Trending Topics

IPL
Royal Challengers Bengaluru

190/9

20.0

Punjab Kings

184/7

20.0

Royal Challengers Bengaluru win by 6 runs

RR 9.50
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!