Edited By Parveen Kumar,Updated: 14 Dec, 2025 10:11 PM

भारतीय स्क्वॉश टीम ने रविवार को खेल जगत में ऐसा कारनामा कर दिखाया, जिसका इंतजार देश लंबे समय से कर रहा था। चेन्नई के एक्सप्रेस एवेन्यू मॉल में खेले गए स्क्वॉश वर्ल्ड कप 2025 के फाइनल में भारत ने हॉन्ग कॉन्ग को हराकर पहली बार यह प्रतिष्ठित ट्रॉफी...
नेशनल डेस्क: भारतीय स्क्वॉश टीम ने रविवार को खेल जगत में ऐसा कारनामा कर दिखाया, जिसका इंतजार देश लंबे समय से कर रहा था। चेन्नई के एक्सप्रेस एवेन्यू मॉल में खेले गए स्क्वॉश वर्ल्ड कप 2025 के फाइनल में भारत ने हॉन्ग कॉन्ग को हराकर पहली बार यह प्रतिष्ठित ट्रॉफी अपने नाम कर ली। निर्णायक मुकाबले में 17 वर्षीय अनाहत सिंह ने दमदार जीत दर्ज कर भारत की ऐतिहासिक सफलता पर मुहर लगा दी।
पहली बार चैंपियन बना भारत
यह भारत का पहला स्क्वॉश वर्ल्ड कप खिताब है। इससे पहले टीम इंडिया का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2023 संस्करण में कांस्य पदक तक सीमित रहा था। दूसरी वरीयता प्राप्त भारतीय टीम ने इस बार पूरे टूर्नामेंट में एक भी मैच नहीं गंवाया, जो उसकी जबरदस्त तैयारी और आत्मविश्वास को दर्शाता है।
ग्रुप स्टेज से फाइनल तक अजेय सफर
भारतीय टीम ने ग्रुप चरण में स्विट्जरलैंड और ब्राज़ील को 4-0 से हराकर अपने इरादे साफ कर दिए। इसके बाद क्वार्टर फाइनल में साउथ अफ्रीका को शिकस्त दी और सेमीफाइनल में दो बार की चैंपियन मिस्र को 3-0 से हराकर फाइनल का टिकट कटाया।
फाइनल में अनुभव और ताकत का शानदार मेल
खिताबी मुकाबले में अनुभवी जोशना चिनप्पा ने भारत को मजबूत शुरुआत दिलाई। महिला सिंगल्स में उन्होंने वर्ल्ड नंबर 37 ली का यी को 3-1 से हराया। इसके बाद पुरुष सिंगल्स में भारत के शीर्ष रैंक खिलाड़ी अभय सिंह ने एलेक्स लाउ को सीधे सेटों में 3-0 से मात देकर भारत को 2-0 की निर्णायक बढ़त दिला दी।
अनाहत सिंह का जलवा, जीत पर लगी मुहर
इसके बाद कोर्ट पर उतरीं 17 वर्षीय अनाहत सिंह, जिन पर पूरे देश की निगाहें टिकी थीं। उन्होंने दबाव के माहौल में शानदार खेल दिखाते हुए वर्ल्ड नंबर 31 टोमाटो हो को 3-0 से हराकर भारत की ऐतिहासिक जीत पक्की कर दी। इस जीत के साथ ही पुरुष सिंगल्स का आखिरी मुकाबला खेलने की जरूरत ही नहीं पड़ी।
भारत बना चौथा वर्ल्ड कप विजेता देश
इस खिताब के साथ भारत ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और मिस्र के बाद स्क्वॉश वर्ल्ड कप जीतने वाला चौथा देश बन गया है। यह टूर्नामेंट लगातार तीसरी बार चेन्नई में आयोजित हुआ। खास बात यह भी है कि स्क्वॉश 2028 लॉस एंजेलिस ओलंपिक में पहली बार ओलंपिक खेल के रूप में शामिल होने जा रहा है, और भारत की यह जीत आने वाले समय के लिए बड़ी उम्मीदें जगा गई है।