बाढ़ के पानी के बीच दूल्हा-दुल्हन ने रचाई शादी, चर्च में भी पानी भरा...

Edited By Updated: 04 Sep, 2026 07:04 PM

bride gets married amidst floodwaters

फिलीपींस में एक कपल ने साबित कर दिया कि प्यार के आगे मुश्किलें भी छोटी पड़ जाती हैं। बुलाकान प्रांत के हागोनॉय कस्बे में मंगलवार को एक चर्च के अंदर कमर तक भरे बाढ़ के पानी के बीच शादी हुई। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण सेंट जॉन द बैपटिस्ट चर्च...

फिलीपींस : फिलीपींस में एक कपल ने साबित कर दिया कि प्यार के आगे मुश्किलें भी छोटी पड़ जाती हैं। बुलाकान प्रांत के हागोनॉय कस्बे में मंगलवार को एक चर्च के अंदर कमर तक भरे बाढ़ के पानी के बीच शादी हुई। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण सेंट जॉन द बैपटिस्ट चर्च पूरी तरह पानी में डूबा हुआ था। चर्च प्रशासन ने कपल को शादी टालने की सलाह दी थी, लेकिन दोनों ने तय कार्यक्रम के मुताबिक ही शादी करने का फैसला किया।

दुल्हन लियान लीजा गलांग सफेद ऑफ-शोल्डर गाउन और हाथ में सफेद फूलों का गुलदस्ता लेकर बाढ़ के गंदे पानी से होते हुए चर्च पहुंचीं। वहां उन्होंने गिल्बर्ट चिको के साथ शादी की। दोनों की उम्र 30 वर्ष से अधिक बताई गई है। दूल्हे ने कहा कि वे शादी के जोड़े में थे और उन्हें इस बात की चिंता नहीं थी कि उनका गाउन और कोट पानी में भीग जाएगा। पादरी ने देर सुबह एक संक्षिप्त समारोह में दोनों को पति-पत्नी घोषित किया।

चर्च ने शादी टालने की दी थी सलाह

शादी के फोटोग्राफर मिक्को रे अल्फोंसो के मुताबिक, बाढ़ का पानी लगातार बढ़ रहा था। ऐसे में चर्च प्रशासन ने कपल को शादी स्थगित करने की सलाह दी थी। हालांकि, दोनों ने तय तारीख पर ही शादी करने का फैसला किया। फोटोग्राफर ने बताया कि चर्च करीब एक महीने से आंशिक रूप से पानी में डूबा हुआ था। उन्होंने कहा कि जब कपल ने शादी हर हाल में पूरी करने का फैसला किया तो चर्च और वहां मौजूद लोगों ने इसे उनके लिए खास बनाने की पूरी कोशिश की।

गाउन में भी करना पड़ा बदलाव

बाढ़ के पानी में दुल्हन को चलने में परेशानी न हो, इसके लिए उनके शादी के गाउन में भी बदलाव किया गया। गाउन के पीछे का लंबा हिस्सा छोटा कर दिया गया, ताकि वह पानी में आसानी से और सुरक्षित तरीके से चल सकें। दूल्हा-दुल्हन चर्च तक ऊंचे चेसिस वाले रिक्शे से पहुंचे। इससे चर्च परिसर तक पहुंचने के दौरान उनके कपड़े काफी हद तक सुरक्षित रहे। शादी समारोह में 15 से भी कम लोग शामिल हुए।

दिसंबर में तय थी शादी

गिल्बर्ट चिको मिडिल ईस्ट में काम करते हैं। उन्होंने बताया कि दोनों की शादी पहले दिसंबर में तय थी, लेकिन बास्केटबॉल खेलते समय पैर में चोट लगने के बाद उन्हें छुट्टी लेकर समय से पहले घर लौटना पड़ा। इसके बाद दोनों ने शादी जल्द करने का फैसला किया। चर्च की ओर से जारी किए गए वीडियो में दुल्हन के माता-पिता उन्हें गले लगाते हुए नजर आए। वहीं, चर्च की खाली सीटों को प्लास्टिक के फूलों से सजाया गया था।

फिलीपींस में भारी बारिश से हालात खराब

फिलीपींस में अगस्त के दौरान सामान्य से ज्यादा तेज मानसूनी बारिश हुई। इसका सबसे ज्यादा असर देश के उत्तरी हिस्सों में देखने को मिला। भारी बारिश के कारण भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ की कई घटनाएं हुई हैं। इन घटनाओं में अब तक कम से कम 34 लोगों की मौत होने की खबर है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!