Edited By Rohini Oberoi,Updated: 08 Sep, 2026 10:14 AM

अमेरिकी सेना की सदर्न कमांड ने पूर्वी प्रशांत महासागर में बड़ी कार्रवाई करते हुए इक्वाडोर से जुड़े एक और संदिग्ध जहाज़ को समुद्र में डुबो दिया है। अमेरिकी सेना का आरोप है कि यह जहाज़ 'लॉस चोनेरोस' नाम के एक खूंखार आपराधिक और ड्रग तस्कर गिरोह को ईंधन...
इक्वाडोर : अमेरिकी सेना की सदर्न कमांड ने पूर्वी प्रशांत महासागर में बड़ी कार्रवाई करते हुए इक्वाडोर से जुड़े एक और संदिग्ध जहाज़ को समुद्र में डुबो दिया है। अमेरिकी सेना का आरोप है कि यह जहाज़ 'लॉस चोनेरोस' नाम के एक खूंखार आपराधिक और ड्रग तस्कर गिरोह को ईंधन आपूर्ति की सुविधा दे रहा था। ड्रग तस्करी में लिप्त नौकाओं और जहाजों के खिलाफ लैटिन अमेरिका में अमेरिका की यह हालिया सबसे बड़ी सैन्य कार्रवाइयों में से एक है।
लैटिन अमेरिका में ड्रग तस्करी में शामिल नावों और जहाज़ों के खिलाफ अमेरिका की यह नवीनतम कार्रवाई थी। सदर्न कमांड ने एक बयान में कहा कि संयुक्त टास्क फोर्स ने पूर्वी प्रशांत महासागर में समुद्र में अवैध ड्रग तस्करी के कामों में मदद करने वाले एक तैरते हुए रीफ्यूलिंग स्टेशन को रोका।
बयान में यह भी कहा गया कि जहाज़ पर मौजूद लोगों को हटा दिया गया और उन्हें इक्वाडोर के अधिकारियों को सौंप दिया जाएगा। घोषणा के साथ जारी एक वीडियो में सैन्य कर्मियों को जहाज़ पर चढ़ते हुए उसके ऊपर से हेलीकॉप्टर को उड़ते हुए और अंत में एक प्रोजेक्टाइल (मिसाइल या गोला) से जहाज़ पर हमला करके उसे डुबोते हुए दिखाया गया।
बयान में यह भी संकेत दिया गया कि अमेरिकी सेनाएं पश्चिमी गोलार्ध में ड्रग तस्करी को बढ़ावा देने वाले लॉजिस्टिकल नेटवर्क को खत्म करने के लिए सटीक और पेशेवर अभियान चला रही हैं। इक्वाडोर के अधिकारियों ने इस पर तुरंत कोई टिप्पणी नहीं की।
डूबे हुए जहाज़ का नाम अभी जारी नहीं किया गया है। यह दो सप्ताह से भी कम समय में अमेरिकी सेना द्वारा निशाना बनाया गया पांचवां जहाज़ था। अमेरिकी सदर्न कमांड से मिली जानकारी के अनुसार, इक्वाडोर के अधिकारियों के साथ मिलकर पिछले सप्ताह प्रशांत महासागर में मछली पकड़ने वाले जहाज़ 'मारिया कैंडेलारिया' को निशाना बनाया गया था।
इक्वाडोर की नौसेना ने उस जहाज़ के 26 क्रू सदस्यों का पता लगाया जो रविवार को मंटा (Manta) बंदरगाह शहर पहुंचे। 'कॉन्क्विस्टा II' (Conquista II) के आठ मछुआरों का भी पता चला जबकि मुख्य भूमि पर उनके परिवारों ने उनके ठिकाने के बारे में जानकारी की मांग की।
अन्य दो जहाज़ 'OM2' और 'लॉस ट्रेस हर्मानोस' (Los Tres Hermanos) थे इनके क्रू सदस्यों का कहना है कि उनके जहाज़ डुबो दिए गए थे। सदर्न कमांड ने हाल ही में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर पोस्ट में इनकी पहचान अवैध ड्रग तस्करी के कामों में शामिल कई जहाज़ों के लिए तैरते हुए रीफ्यूलिंग स्टेशन के तौर पर की थी।
अमेरिका ने कहा है कि सभी नावें 'लॉस चोनेरोस' से जुड़ी थीं जिसे अमेरिका एक विदेशी आतंकवादी संगठन मानता है। ये मामले उन तीन अन्य जहाज़ों के मामलों में जुड़ते हैं जिनके इक्वाडोर के क्रू सदस्यों का कहना है कि इस साल अमेरिकी सेना ने उन्हें रोका था। 'फियोरेला' (Fiorella) के मामले में आठ मछुआरे जनवरी से लापता हैं।
अन्य जहाज़ों के क्रू सदस्य अल साल्वाडोर भेजे जाने के बाद इक्वाडोर लौट आए। कैरिबियन और प्रशांत महासागर में नावों के खिलाफ एक साल से भी पहले शुरू हुए अमेरिकी सरकार के 68 हमलों में कम से कम 227 लोग मारे गए हैं। आलोचकों ने नावों पर किए गए हमलों की कानूनी वैधता और उनकी असरदारता दोनों पर सवाल उठाए हैं।
कम से कम एक मामले में इक्वाडोर के अधिकारियों ने कहा कि उनके पास इस बात का कोई सबूत नहीं था कि हमलों में बचे किसी व्यक्ति ने किसी आपराधिक गतिविधि में हिस्सा लिया हो। ट्रम्प प्रशासन कई लैटिन अमेरिकी देशों में ज़मीन पर भी अपना हमला बढ़ाने के लिए सहयोगी देशों के साथ समझौते करने की कोशिश कर रहा है।
अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने इस महीने पनामा की यात्रा के दौरान कहा कि कोलंबिया, ग्वाटेमाला और होंडुरास इस बात पर सहमत हो गए हैं कि अमेरिका उनकी ज़मीन पर आपराधिक समूहों के खिलाफ संयुक्त सैन्य अभियान चला सके। ग्वाटेमाला ने ऐसे किसी समझौते पर पहुंचने से इनकार किया। इक्वाडोर ने मार्च में अमेरिका के साथ इसी तरह के अभियान शुरू किए थे।