Edited By Sahil Kumar,Updated: 25 Oct, 2026 03:51 PM

फेस्टिव सीजन में सोना-चांदी खरीदने वालों के लिए राहत भरी खबर है। दिवाली और धनतेरस से पहले दोनों कीमती धातुओं के दाम में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है।
नई दिल्ली: फेस्टिव सीजन में सोना-चांदी खरीदने वालों के लिए राहत भरी खबर है। दिवाली और धनतेरस से पहले दोनों कीमती धातुओं के दाम में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। घरेलू बाजार से लेकर वायदा बाजार यानी मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) तक सोने और चांदी की कीमतें नीचे आ गई हैं। बीते सप्ताह के चार कारोबारी दिनों में ही चांदी 16,000 रुपये से ज्यादा सस्ती हो गई, जबकि सोने के भाव में भी हजारों रुपये की गिरावट आई है। चांदी की कीमत अपने रिकॉर्ड उच्च स्तर से करीब 2.24 लाख रुपये नीचे आ चुकी है।
सस्ती हुई चांदी
दिवाली और धनतेरस से पहले चांदी की कीमतों में आई गिरावट ने बाजार का रुख बदल दिया है। इंडियन बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के आंकड़ों के मुताबिक, 16 अक्टूबर को चांदी का भाव 2,10,918 रुपये प्रति किलोग्राम था। शुक्रवार को कारोबार बंद होने तक यह गिरकर 1,94,415 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गया। इस तरह महज चार कारोबारी दिनों में चांदी की कीमत 16,503 रुपये प्रति किलोग्राम कम हो गई। इसके साथ ही घरेलू बाजार में चांदी का भाव 2 लाख रुपये के स्तर से नीचे पहुंच गया।
MCX पर चांदी के दाम
वायदा बाजार में भी चांदी की कीमतों में बड़ी कमी देखने को मिली है। MCX पर 4 दिसंबर की एक्सपायरी वाली चांदी का भाव 16 अक्टूबर को 2,11,187 रुपये प्रति किलोग्राम था। शुक्रवार को यह घटकर 1,96,100 रुपये प्रति किलोग्राम रह गया। इस हिसाब से वायदा बाजार में चार कारोबारी दिनों के दौरान चांदी 15,087 रुपये प्रति किलोग्राम सस्ती हुई है।
रिकॉर्ड हाई से ₹2.24 लाख सस्ती
चांदी की कीमत में आई गिरावट का अंदाजा इसके रिकॉर्ड स्तर से लगाया जा सकता है। इस साल जनवरी के आखिरी सप्ताह में चांदी ने 4,20,048 रुपये प्रति किलोग्राम का लाइफटाइम हाई छुआ था। अब इसका भाव घटकर 1,96,100 रुपये प्रति किलोग्राम रह गया है। इस तरह रिकॉर्ड ऊंचाई के मुकाबले चांदी की कीमत में 2,23,948 रुपये प्रति किलोग्राम की गिरावट आ चुकी है।
सोने की कीमतें
चांदी के साथ सोने के भाव में भी गिरावट दर्ज की गई है। MCX पर 4 दिसंबर की एक्सपायरी वाले 10 ग्राम सोने की कीमत 1,47,918 रुपये से घटकर 1,42,150 रुपये रह गई। इस तरह वायदा बाजार में सोना 5,768 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता हुआ है। वहीं, IBJA के आंकड़ों के मुताबिक, घरेलू बाजार में सोने का भाव 1,46,426 रुपये प्रति 10 ग्राम से गिरकर 1,41,630 रुपये पर आ गया। यानी यहां सोने की कीमत में 4,796 रुपये प्रति 10 ग्राम की कमी आई है।