Edited By Tanuja,Updated: 07 Apr, 2026 12:27 PM

इज़राइल ने ईरान के नागरिकों को ट्रेन यात्रा से बचने की चेतावनी दी है, जिससे नए हवाई हमलों के संकेत मिलते हैं। इंटरनेट पाबंदी के कारण यह संदेश आम लोगों तक पहुंचना मुश्किल है, जिससे नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
International Desk: मिडिल ईस्ट में बढ़ते युद्ध के बीच इज़राइल ने ईरान के नागरिकों को एक गंभीर चेतावनी जारी की है। इजराइली सेना ने फारसी भाषा में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर लोगों से कहा है कि वे कम से कम रात 9 बजे तक ट्रेन में यात्रा करने से बचें। इस चेतावनी में साफ लिखा गया है: “आपकी मौजूदगी आपके जीवन को खतरे में डाल सकती है।” इस बयान से यह संकेत मिल रहा है कि इज़राइल आने वाले समय में ईरान के रेल नेटवर्क या ट्रांसपोर्ट सिस्टम को निशाना बना सकता है। यह रणनीति आमतौर पर दुश्मन देश की आवाजाही और लॉजिस्टिक्स को कमजोर करने के लिए अपनाई जाती है।
हालांकि, इस चेतावनी की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े हो रहे हैं, क्योंकि ईरान में पिछले कई हफ्तों से इंटरनेट पर कड़ी पाबंदी लगी हुई है। ऐसे में बड़ी संख्या में आम नागरिक इस चेतावनी को देख ही नहीं पाएंगे, जिससे उनकी जान को और ज्यादा खतरा हो सकता है। बता दें कि ताजे घटनाक्रम में ईरान द्वारा बैलिस्टिक मिसाइलों का उपयोग करके इज़राइली ऊर्जा ढांचों पर हमला करने के प्रयास के बाद, इज़राइल ने असलुयेह में स्थित ईरान के सबसे बड़े गैस प्रोसेसिंग और पेट्रोकेमिकल केंद्र पर एक भीषण हमला किया है। यह केंद्र 'साउथ पार्स' गैस क्षेत्र पर आधारित है। इससे यह साफ है कि युद्ध अब केवल सैन्य ठिकानों तक सीमित नहीं रह गया, बल्कि नागरिक बुनियादी ढांचे भी संभावित निशाने पर हैं। इज़राइल की यह चेतावनी आने वाले बड़े हमलों का संकेत मानी जा रही है और इससे क्षेत्र में डर और अनिश्चितता का माहौल और गहरा गया है।
विशेषज्ञों का मानना है कि
- अगर रेल नेटवर्क पर हमला होता है, तो इसका असर आम लोगों पर सीधा पड़ेगा।
- यात्रा कर रहे नागरिक बिना जानकारी के हमले की चपेट में आ सकते हैं।
- यह स्थिति अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े करती है।