Edited By Pardeep,Updated: 08 Apr, 2026 04:07 AM

ईरान और अमेरिका-इजराइल के बीच जारी युद्ध छठे हफ्ते में प्रवेश कर चुका है और इसी बीच मंगलवार को ईरान की दो बड़ी औद्योगिक इकाइयों पर हमले की खबर सामने आई है।
इंटरनेशनल डेस्कः ईरान और अमेरिका-इजराइल के बीच जारी युद्ध छठे हफ्ते में प्रवेश कर चुका है और इसी बीच मंगलवार को ईरान की दो बड़ी औद्योगिक इकाइयों पर हमले की खबर सामने आई है। ईरान की मेहर समाचार एजेंसी के मुताबिक, महशहर में स्थित अमीरकबीर पेट्रोकेमिकल्स प्लांट को निशाना बनाया गया। वहीं एसएनएन समाचार एजेंसीने बताया कि मध्य ईरान में स्थित अरक एल्युमिनियम प्लांट पर भी हमला हुआ।
फिलहाल इन हमलों में हुए नुकसान या किसी के हताहत होने की विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
ईरान की चेतावनी—हमले और तेज होंगे
इन हमलों से कुछ घंटे पहले, ईरान के शीर्ष संयुक्त सैन्य कमान ने साफ कहा था कि वह क्षेत्र में अमेरिकी और इजरायली सैन्य, सुरक्षा और आर्थिक ठिकानों पर अपने हमलों को जारी रखेगा और और तेज करेगा। यह चेतावनी सीधे डोनाल्ड ट्रंप की उस धमकी के जवाब में आई थी, जिसमें उन्होंने ईरान को पूरी तरह तबाह करने की बात कही थी।
जनता भी सड़कों पर—ऊर्जा ठिकानों की सुरक्षा के लिए मानव श्रृंखला
इसी दिन ट्रंप की धमकियों के बाद पूरे ईरान में लोग सड़कों पर उतर आए। ऊर्जा संयंत्रों और अहम इंफ्रास्ट्रक्चर की सुरक्षा के लिए लोगों ने मानव श्रृंखला बनाई। आधिकारिक दावों के अनुसार, इस अभियान में 1.4 करोड़ से अधिक लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया, हालांकि इस आंकड़े की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो पाई है।
ईरानी नेतृत्व का बड़ा बयान
ईरान की संसद के स्पीकर मोहम्मद बाघेर ग़ालिबफ़, जिन्हें कुछ लोग मौजूदा हालात में देश का वास्तविक नेता मान रहे हैं (सुप्रीम लीडर Ali Khamenei की संघर्ष की शुरुआत में मौत के बाद), और राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियन दोनों ने कहा कि वे देश की रक्षा के लिए अपनी जान देने को तैयार हैं।