Edited By Purnima Singh,Updated: 24 Jul, 2026 12:01 PM

कनाडा की कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने सीमा पार सक्रिय एक कथित ड्रग्स तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 139 मिलियन कनाडाई डॉलर (C$139 Million) से अधिक कीमत के मादक पदार्थ जब्त किए हैं। यह ओंटारियो प्रांत के इतिहास में वज़न के आधार पर सबसे...
इंटरनेशनल डेस्क: कनाडा की कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने सीमा पार सक्रिय एक कथित ड्रग्स तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 139 मिलियन कनाडाई डॉलर (C$139 Million) से अधिक कीमत के मादक पदार्थ जब्त किए हैं। यह ओंटारियो प्रांत के इतिहास में वज़न के आधार पर सबसे बड़ी ड्रग्स बरामदगी में से एक मानी जा रही है। इस कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में हथियार, नकदी और अन्य आपराधिक गतिविधियों से जुड़ा सामान भी बरामद किया गया है।
'प्रोजेक्ट बे' के तहत चली संयुक्त जांच
पुलिस, कनाडा बॉर्डर सर्विसेज एजेंसी (CBSA) और ओंटारियो प्रांतीय पुलिस (OPP) द्वारा संयुक्त रूप से चलाए गए 'प्रोजेक्ट बे' के तहत यह कार्रवाई की गई। जांच के दौरान करीब 973 किलोग्राम संदिग्ध कोकीन, 660 किलोग्राम मेथामफेटामाइन और 49 किलोग्राम अफीम बरामद की गई।
इसके अलावा 230 ऑक्सीकोडोन गोलियां, 17 हथियार, जिनमें एक एंटी-टैंक राइफल भी शामिल है, बड़ी मात्रा में गोला-बारूद, महंगी ज्वेलरी, नकदी, सेलफोन, लैपटॉप और अपराध से जुड़ी एक गाड़ी भी जब्त की गई।
कमर्शियल ट्रकों के जरिए होती थी तस्करी
जांच एजेंसियों के अनुसार, यह नेटवर्क कमर्शियल ट्रांसपोर्ट सिस्टम का इस्तेमाल कर सीमा पार ड्रग्स की तस्करी करता था। आरोप है कि गिरोह ट्रांसपोर्ट सेक्टर में संपर्क रखने वाले लोगों के जरिए ड्राइवरों को शामिल करता था और वैध माल के बीच मादक पदार्थ छिपाकर उन्हें कनाडा में पहुंचाया जाता था।
21 लोगों पर 100 से अधिक आरोप
इस मामले में अब तक 21 लोगों के खिलाफ 100 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें से 19 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दो संदिग्ध अभी भी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सभी आरोप फिलहाल जांच और न्यायिक प्रक्रिया के अधीन हैं।
जांच अभी भी जारी
अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है और आपराधिक गिरोहों की आर्थिक कमर टूटी है। जांच एजेंसियां अब इस नेटवर्क के स्रोत, अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन और पूरे तंत्र की गहराई से जांच कर रही हैं।