Edited By Parveen Kumar,Updated: 16 Apr, 2026 11:32 PM

मध्यप्रदेश के श्योपुर जिले में बृहस्पतिवार को एक ट्रैक्टर-ट्रॉली के अनियंत्रित होकर पलट जाने से चार महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई जबकि करीब 25 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना जिले...
नेशनल डेस्क : मध्यप्रदेश के श्योपुर जिले में बृहस्पतिवार को एक ट्रैक्टर-ट्रॉली के अनियंत्रित होकर पलट जाने से चार महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई जबकि करीब 25 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना जिले के विजयपुर थाना क्षेत्र के खितरपाल गांव के पास रात आठ बजे हुई।
पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार अग्रवाल ने बताया कि घटना में चार महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि घायलों को विजयपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है और इनमें से जिनकी हालत गंभीर हैं उन्हें श्योपुर व ग्वालियर रेफर किया गया है।
पुलिस ने ग्रामीणों के हवाले से बताया कि वीरपुर थाना क्षेत्र के घूघस गांव से लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर विजयपुर थाना क्षेत्र के पार्बती बड़ौदा गांव में एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। उन्होंने बताया कि चालक वाहन पर से संतुलन खो बैठा, जिससे ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई।
उन्होंने कहा कि हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख पुकार मच गई और आसपास से गुजर रहे राहगीरों ने तत्काल मदद करते हुए घायलों को बाहर निकाला। उन्होंने कहा कि डायल 112 की सहायता से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विजयपुर पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया। पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान घूघस निवासी सरोज गुर्जर, सुनैना गुर्जर, सीमा गुर्जर और गीता गुर्जर के रूप में हुई है।