Edited By Ramkesh,Updated: 13 Apr, 2026 06:26 PM

महाराष्ट्र के नासिक में खुद को महादेव का अवतार बताकर महिलाओं का यौन शोषण करके करोड़ों की सम्पति अर्जित करने वाले कथित बाबा के हर दिन नए नए खुलासे हो रहे हैं। इस मामले में ED ने कथित वित्तीय अनियमितताओं के मामले में स्वयंभू बाबा और ज्योतिषी अशोक खरात...
नेशनल डेस्क: महाराष्ट्र के नासिक में खुद को महादेव का अवतार बताकर महिलाओं का यौन शोषण करके करोड़ों की सम्पति अर्जित करने वाले कथित बाबा के हर दिन नए नए खुलासे हो रहे हैं। इस मामले में ED ने कथित वित्तीय अनियमितताओं के मामले में स्वयंभू बाबा और ज्योतिषी अशोक खरात के मिरगांव स्थित फार्महाउस पर छापा मारा है और तलाशी अभियान चला रही है। करोड़ों रुपये की कई संपत्तियों के होने का संदेह है, और अशोक खरात तथा कल्पना खरात के तीन बैंक खाते फ्रीज़ कर दिए गए हैं। जांच जारी है।
अलग- अलग बैंक में खुलवाए थे 132 बैंक खाते
इसी कड़ी में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) की नेता रूपाली चाकणकर की बहन प्रतिभा चाकणकर से पुलिस ने गहन पूछताछ की है। यह पूछताछ स्वयंभू आध्यात्मिक गुरु अशोक खरात से जुड़े संदिग्ध बैंक लेनदेन को लेकर की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अशोक खरात ने अलग-अलग नामों से करीब 132 बैंक खाते खुलवाए थे, जिनके माध्यम से 62.74 करोड़ रुपये का बड़ा वित्तीय लेनदेन किया गया। जांच में सामने आया है कि इन खातों में से एक खाता प्रतिभा चाकणकर के नाम पर भी संचालित था, हालांकि उसका नियंत्रण कथित तौर पर खरात के पास ही था।
सभी खातों में नॉमिनी निकला अशोक खरात
अधिकारियों ने बताया कि सभी खातों में नॉमिनी के तौर पर अशोक खरात का नाम दर्ज था और खाते खोलते समय उसका मोबाइल नंबर इस्तेमाल किया गया था, जिससे इस पूरे नेटवर्क पर शक और गहरा हो गया है।
जमीन हड़पने की रची थी साजिश
यह पूरा मामला तब उजागर हुआ जब शिरडी क्षेत्र में एक जमीन घोटाले की जांच के दौरान पुलिस को इन खातों का सुराग मिला। आरोप है कि अशोक खरात और उसके साथियों ने कर्ज देने के नाम पर एक व्यक्ति की जमीन हड़पने की साजिश रची थी। इस केस में पहले ही दो बिचौलियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि खरात की पत्नी कल्पना खरात समेत कुछ आरोपी फरार हैं।
कल्पना खरात के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी
पुलिस ने कल्पना खरात के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी कर दिया है, ताकि वह देश छोड़कर फरार न हो सके। वहीं, अशोक खरात को पहले ही एक महिला के साथ दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया जा चुका है, जिसके बाद उसके खिलाफ कई और गंभीर अपराधों का खुलासा हुआ। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सभी पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है और आने वाले दिनों में और बड़े खुलासों की संभावना जताई जा रही है।