Edited By Sahil Kumar,Updated: 27 Jun, 2026 02:07 PM

शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के प्रमुख उद्धव ठाकरे ने अयोध्या के राम मंदिर को मिले चंदे में कथित गबन का मुद्दा उठाते हुए 'हिंदुत्व' को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर शनिवार को निशाना साधा और उस पर हिंदुओं की भावनाओं से खिलवाड़ कर उन्हें धोखा...
नेशनल डेस्कः शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के प्रमुख उद्धव ठाकरे ने अयोध्या के राम मंदिर को मिले चंदे में कथित गबन का मुद्दा उठाते हुए 'हिंदुत्व' को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर शनिवार को निशाना साधा और उस पर हिंदुओं की भावनाओं से खिलवाड़ कर उन्हें धोखा देने का आरोप लगाया। ठाकरे ने 'भाजपा-मुक्त राम' के लिए आंदोलन का नेतृत्व करने का भी संकल्प लिया।
उन्होंने शिवसेना में शामिल हो चुके पार्टी के बागी सांसद संजय देशमुख के यवतमाल-वाशिम निर्वाचन क्षेत्र में एक रैली को संबोधित करते हुए भाजपा पर वास्तविक मुद्दों से लोगों का ध्यान भटकाने के लिए राजनीतिक दलों को तोड़ने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ''असली हिंदुत्व मानवता की शिक्षा देता है। हम मंदिरों को लूटने वाले आपके (भाजपा के) हिंदुत्व को खारिज करते हैं।
हम 'भाजपा-मुक्त राम' चाहते हैं और शिवसेना (उबाठा) ऐसे आंदोलनों का नेतृत्व करेगी।'' अयोध्या के राम मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए दान के कथित गबन के मामले में गिरफ्तार सभी आठ आरोपियों को शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इस मामले को लेकर राजनीतिक विवाद छिड़ा हुआ है। इस बीच जांचकर्ताओं ने आरोपियों के पास से अब तक 79.85 लाख रुपये बरामद करने का दावा किया है।