Edited By Anu Malhotra,Updated: 28 Oct, 2025 01:04 PM
अगले साल 2026 के लिए शुभ मुहूर्तों की खबर सुनकर दूल्हा-दुल्हन और उनके परिवारों की मुस्कान बढ़ सकती है। वर्ष 2026 अधिक मास वाला होगा, यानी इस साल 12 की बजाय 13 मास होंगे। ज्योतिषीय गणना के अनुसार इस साल दो बार ज्येष्ठ मास आएगा, जिससे पंचांग में कुल...
नेशनल डेस्क: अगले साल 2026 के लिए शुभ मुहूर्तों की खबर सुनकर दूल्हा-दुल्हन और उनके परिवारों की मुस्कान बढ़ सकती है। वर्ष 2026 अधिक मास वाला होगा, यानी इस साल 12 की बजाय 13 मास होंगे। ज्योतिषीय गणना के अनुसार इस साल दो बार ज्येष्ठ मास आएगा, जिससे पंचांग में कुल विवाह मुहूर्तों की संख्या बढ़कर 81 हो जाएगी।
अधिक मास का महत्व
अधिक मास को पुरुषोत्तम मास भी कहा जाता है। यह हर तीन साल में चंद्र और सौर कैलेंडर के अंतर को संतुलित करने के लिए जोड़ा जाता है। साल 2026 में यह अतिरिक्त महीना 17 मई से 15 जून तक रहेगा। इससे पहले 2018 में दो ज्येष्ठ और 2023 में दो सावन मास आए थे। पंडित भंवरलाल शर्मा के अनुसार अधिक मास के दौरान मांगलिक कार्य किए जा सकते हैं, लेकिन कुछ ग्रहों की स्थिति के कारण सभी दिनों को विवाह मुहूर्त के लिए अनुकूल नहीं माना जाता।
विवाह मुहूर्तों की शुरुआत
देवउठनी एकादशी 1 नवंबर 2025 को पड़ रही है। इस दिन मांगलिक कार्य तो शुरू हो सकते हैं, लेकिन सूर्य के तुला राशि में होने की वजह से विवाह मुहूर्त 21 नवंबर से शुरू होंगे। वर्ष 2025 में अब केवल 11 दिन ही शुभ विवाह मुहूर्त बचे हैं। नए साल 2026 में विवाह मुहूर्तों की शुरूआत 4 फरवरी से होगी। पंडित विष्णु राजौरिया के अनुसार, इस साल 3 फरवरी तक शुक्र ग्रह अस्त रहेगा, जिसके कारण इस अवधि में विवाह मुहूर्त नहीं होंगे। विवाह के लिए गुरु और शुक्र दोनों ग्रह का उदित होना आवश्यक है।
विवाह मुहूर्तों का विवरण
नवंबर 2025: 21-25, 29, 30 (7 दिन)
दिसंबर 2025: 1, 4-6 (4 दिन)
फरवरी-मार्च 2026: 4-8, 10-16, 3-14 (सबसे अधिक मुहूर्त)
अप्रैल 2026: 15, 20, 21, 25-30 (9 दिन)
मई 2026: 1, 3-9, 12-14, 19-30 (23 दिन)
जून 2026: 12 दिन (19-30)
जुलाई 2026: 1, 2, 6-8, 11, 12 (7 दिन)
नवंबर 2026: 20, 21, 24-27, 30 (7 दिन)
दिसंबर 2026: 1-6, 9-13 (11 दिन)
विशेष रूप से, 30 अप्रैल 2026 अक्षय तृतीया को सामूहिक विवाह के लिए सबसे शुभ दिन माना गया है।
जानें क्यों होता है अधिक मास
सौर वर्ष 365 दिन का होता है, जबकि चंद्र वर्ष 364 दिन का। हर तीन साल में इस 11 दिनों के अंतर को पूरा करने के लिए एक अतिरिक्त मास जोड़ा जाता है, जिसे अधिक मास कहते हैं। इस प्रकार 2026 विवाह मुहूर्तों के लिहाज से बेहद अनुकूल रहेगा, खासकर फरवरी-मार्च और मई-जून के महीने में। दूल्हा-दुल्हन और उनके परिवार के लिए यह साल कई अवसर लेकर आने वाला है।