Edited By Parveen Kumar,Updated: 06 Nov, 2026 08:49 PM

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं 2027 का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया है। बोर्ड की ओर से जारी डेटशीट के मुताबिक, दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं 16 फरवरी 2027 से शुरू होंगी। सभी परीक्षाएं सुबह 10:30 बजे...
नई दिल्ली : केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं 2027 का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया है। बोर्ड की ओर से जारी डेटशीट के मुताबिक, दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं 16 फरवरी 2027 से शुरू होंगी। सभी परीक्षाएं सुबह 10:30 बजे आयोजित की जाएंगी। छात्र-छात्राएं विषयवार परीक्षा कार्यक्रम सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in पर जाकर देख और डाउनलोड कर सकते हैं।
9 मार्च तक चलेंगी 10वीं की परीक्षाएं
सीबीएसई के परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार, कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षाएं 16 फरवरी से शुरू होकर 9 मार्च 2027 तक चलेंगी। इस बार बोर्ड की ओर से 10वीं के विद्यार्थियों के लिए कुल 83 विषयों की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। बोर्ड ने परीक्षा कार्यक्रम तैयार करते समय छात्रों और स्कूलों की सुविधा का ध्यान रखने की बात कही है, ताकि विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिल सके।
CBSE releases date sheet for Class X and Class XII board examinations 2027. Examinations for both classes will commence on February 16, 2027 (Tuesday), with all examination sessions scheduled to begin at 10:30 am (IST). https://t.co/ldasmisoKp
— Press Trust of India (@PTI_News) November 6, 2026
9 अप्रैल तक होंगी 12वीं की परीक्षाएं
कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं भी 16 फरवरी 2027 से शुरू होंगी, लेकिन इनका आयोजन 9 अप्रैल 2027 तक किया जाएगा। इस बार सीनियर सेकेंडरी के विद्यार्थियों के लिए कुल 121 विषयों की परीक्षाएं निर्धारित की गई हैं। छात्रों को सलाह दी गई है कि वे अपनी स्ट्रीम और विषयों के अनुसार डेटशीट का मिलान कर लें, ताकि किसी भी परीक्षा की तारीख को लेकर भ्रम की स्थिति न रहे।
प्रैक्टिकल परीक्षाओं का शेड्यूल भी जारी
बोर्ड ने 10वीं और 12वीं की प्रैक्टिकल परीक्षाओं, प्रोजेक्ट वर्क और इंटरनल असेसमेंट का कार्यक्रम भी जारी कर दिया है।
- सामान्य स्कूलों में प्रैक्टिकल परीक्षाएं 1 जनवरी 2027 से शुरू होंगी।
- विंटर-बाउंड स्कूलों में प्रैक्टिकल और इंटरनल असेसमेंट 9 नवंबर से 19 दिसंबर 2026 के बीच आयोजित किए जाएंगे।
छात्रों को दी गई तैयारी तेज करने की सलाह
बोर्ड परीक्षाओं की तारीखों की घोषणा के बाद विद्यार्थियों के पास तैयारी के लिए सीमित समय बचा है। ऐसे में छात्रों को सलाह दी गई है कि वे जल्द से जल्द अपनी विषयवार डेटशीट डाउनलोड कर लें और उसी के अनुसार पढ़ाई की रणनीति तैयार करें।