Edited By Ramkesh,Updated: 09 May, 2026 01:29 PM

कटिहार रेलवे स्टेशन से सामने आए एक वायरल वीडियो ने खाने-पीने की चीजों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहे इस वीडियो में कुछ महिलाएं खीरे को चमकदार और ताजा दिखाने के लिए हरे रंग के घोल में डुबोती दिखाई दे रही हैं।...
नेशनल डेस्क: कटिहार रेलवे स्टेशन से सामने आए एक वायरल वीडियो ने खाने-पीने की चीजों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहे इस वीडियो में कुछ महिलाएं खीरे को चमकदार और ताजा दिखाने के लिए हरे रंग के घोल में डुबोती दिखाई दे रही हैं। वीडियो सामने आते ही लोगों में नाराजगी फैल गई। दावा किया जा रहा है कि ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए खीरे पर कृत्रिम रंग का इस्तेमाल किया जा रहा था, ताकि वे ज्यादा ताजे दिखाई दें।
VIRAL VIDEO के बाद मचा हड़कंप
जैसे ही वीडियो वायरल हुआ, रेलवे सुरक्षा बल यानी RPF तुरंत एक्टिव हो गई। स्टेशन परिसर में जांच अभियान चलाकर नौ महिलाओं को हिरासत में लिया गया। बताया जा रहा है कि ये सभी महिलाएं बिना अनुमति रेलवे स्टेशन परिसर में खीरा बेच रही थीं।
खाने की चीजों में मिलावट से बढ़ी चिंता
हाल के दिनों में खाद्य पदार्थों में मिलावट और लापरवाही के कई मामले सामने आ चुके हैं। ऐसे में इस वीडियो ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। सोशल मीडिया पर लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर यात्रियों की सेहत के साथ ऐसा खिलवाड़ कब तक चलता रहेगा।
जांच में जुटी एजेंसियां
फिलहाल हिरासत में ली गई महिलाओं से पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि इस्तेमाल किया गया रंग खाद्य पदार्थों के लिए सुरक्षित था या नहीं। मामले की जांच जारी है। फिलहाल इस वायरल क्लिप ने फूड सेफ्टी तरीकों और प्रोडक्ट के असली होने पर सवाल उठाए हैं।