Edited By Tanuja,Updated: 05 Oct, 2026 05:34 PM

वियतनाम के साइगॉन में कनाडाई लाइवस्ट्रीमर जॉन ली पर भारतीय युवकों ने बिना अनुमति वीडियो बनाने और कथित नस्लवादी टिप्पणी करने का आरोप लगाया। वायरल वीडियो में बहस के दौरान भारतीय युवक उसे दुकान से बाहर निकालते और थप्पड़ मारते दिखाई देता है। घटना के बाद...
Hanoi: वियतनाम के साइगॉन में एक कनाडाई लाइवस्ट्रीमर को कथित तौर पर भारतीयों का बिना अनुमति वीडियो बनाना और आपत्तिजनक टिप्पणी करना भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में भारतीय युवकों और कनाडाई लाइवस्ट्रीमर के बीच तीखी बहस और हाथापाई दिखाई दे रही है। इसी दौरान एक भारतीय युवक ने लाइवस्ट्रीमर को थप्पड़ मार दिया। लाइवस्ट्रीमर की पहचान जॉन ली के रूप में हुई है, जो इंटरनेट मीडिया पर ‘JohnWhatsGoingOn’ नाम से जाना जाता है। बताया जा रहा है कि घटना साइगॉन के एक 7-Eleven स्टोर के अंदर हुई।
वायरल वीडियो में जॉन ली स्टोर के भीतर कैमरा लेकर दिखाई देता है। वीडियो में दो भारतीय पुरुष भी नजर आते हैं। इनमें से एक युवक बार-बार लाइवस्ट्रीमर से कैमरा दूर रखने और उसकी रिकॉर्डिंग बंद करने के लिए कहता दिखाई देता है। वीडियो में भारतीय युवक को यह कहते सुना जा सकता है कि कैमरा दूर रखो। इसके जवाब में जॉन ली कथित तौर पर कहता है, “यह नई दिल्ली नहीं है।” इसके बाद दोनों के बीच बहस और तेज हो जाती है। विवाद बढ़ने के बाद दूसरा भारतीय व्यक्ति भी वहां पहुंचता है। वीडियो में दोनों भारतीय जॉन ली से कैमरा हटाने और वहां से जाने के लिए कहते दिखाई देते हैं। उनमें से एक उसे कथित तौर पर ‘नस्लवादी’ कहता है और उसे दुकान से बाहर निकालने की कोशिश करता है। इस दौरान जॉन ली भी कैमरा बंद नहीं करता और पूरे घटनाक्रम को रिकॉर्ड करता रहता है।
भारतीय युवकों की ओर से उस पर नफरत फैलाकर पैसे कमाने का आरोप भी लगाया जाता है। एक युवक को यह कहते सुना जाता है कि “तुम नफरत को बेचकर पैसे कमा रहे हो।” इसके जवाब में जॉन ली कथित तौर पर कहता है कि उसे पता है कि वे कहां काम करते हैं और वह उनका रेस्तरां भी जानता है। बहस लगातार बढ़ती गई और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। इसी दौरान एक भारतीय युवक जॉन ली की ओर बढ़ा और उसे थप्पड़ मार दिया। थप्पड़ लगने के बाद भी लाइवस्ट्रीमर ने तुरंत कैमरा बंद नहीं किया और घटनाक्रम रिकॉर्ड करता रहा।इसके बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया। इंटरनेट मीडिया पर लोग घटना को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ लोग भारतीय युवकों द्वारा बिना अनुमति रिकॉर्डिंग का विरोध करने को सही बता रहे हैं, जबकि कुछ ने हाथापाई और थप्पड़ मारने पर सवाल उठाए हैं।