Edited By Rahul Singh,Updated: 19 Feb, 2026 07:49 PM

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने तेलंगाना के स्थानीय निकाय चुनावों में पार्टी की शानदार जीत के बाद बृहस्पतिवार को प्रदेश इकाई के वरिष्ठ नेताओं के साथ समीक्षा बैठक की और कहा कि प्रदेश में सामाजिक कल्याण तथा 'सभी के लिए न्याय' के संकल्प को लेकर...
नई दिल्ली : कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने तेलंगाना के स्थानीय निकाय चुनावों में पार्टी की शानदार जीत के बाद बृहस्पतिवार को प्रदेश इकाई के वरिष्ठ नेताओं के साथ समीक्षा बैठक की और कहा कि प्रदेश में सामाजिक कल्याण तथा 'सभी के लिए न्याय' के संकल्प को लेकर पार्टी दृढ़ संकल्पित है। खरगे और पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ हुई बैठक में तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी, प्रदेश प्रभारी मीनाक्षी नटराजन, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बी. महेश कुमार गौड़ तथा कई अन्य नेता शामिल हुए। कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने भी इस बैठक में भाग लिया।
खरगे ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, ''तेलंगाना में स्थानीय निकाय चुनावों में हमारी शानदार जीत के बाद, हमने एक व्यापक समीक्षा की, तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस के नेताओं और मंत्रियों को ''प्रजाला तेलंगाना'' के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने के लिए कहा।'' उन्होंने कहा, ''सामाजिक कल्याण, आर्थिक सशक्तीकरण और सभी के लिए न्याय का हमारा संकल्प दृढ़ है और हमारी गारंटी में परिलक्षित होता है। हम प्रत्येक नागरिक की आकांक्षाओं को साकार करने और वास्तव में समावेशी तेलंगाना का निर्माण करने का प्रयास जारी रखेंगे।'' तेलंगाना की 116 नगरपालिकाओं और सात नगर निगमों के लिए 11 फरवरी को मतदान हुआ था। इन चुनावों में कांग्रेस ने कुल 2,582 वार्ड में से 1,300 से अधिक पर जीत हासिल कर शानदार प्रदर्शन किया।
वहीं, भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) को लगभग 700 और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को करीब 275 वार्ड में जीत हासिल हुई। मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने कहा कि बैठक में तेलंगाना में कांग्रेस को और मजबूत करने के लिए आवश्यक कार्य योजना, पिछले दो वर्षों में सरकार द्वारा लागू किए गए विकास और कल्याण कार्यक्रमों और हाल के नगरपालिका और ग्राम पंचायत चुनावों के परिणामों पर विस्तार से चर्चा हुई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष महेश कुमार गौड़ ने संवाददाताओं से कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व ने चुनाव परिणामों पर संतोष व्यक्त किया है। उनके मुताबिक, खरगे ने कहा कि स्थानीय निकाय के चुनाव परिणाम प्रदेश की कांग्रेस सरकार के कल्याण और विकास कार्यक्रमों की सार्वजनिक स्वीकृति को दर्शाते हैं।
रेवंत रेड्डी ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, ''राहुल गांधी ने विशेष रूप से तेलंगाना के किसानों द्वारा कृषि क्षेत्र और 'यंग इंडिया इंटीग्रेटेड स्कूल' में की गई प्रगति के बारे में जानकारी ली और कई सुझाव दिए।''' राज्य सरकार वर्तमान में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में यंग इंडिया आवासीय विद्यालय का निर्माण कर रही है, जहां गरीब छात्रों को शिक्षा प्रदान की जाती है। कांग्रेस नेतृत्व ने गुजरात की प्रदेश इकाई के वरिष्ठ नेताओं के साथ भी बैठक की, जिसमें संगठन की स्थिति और राज्य से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। इस बैठक में खरगे और राहुल गांधी के साथ पार्टी के प्रदेश प्रभारी मुकुल वासनिक, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमित चावड़ा और कई अन्य नेता शामिल हुए। गुजरात में अगले साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होगा।