Edited By Rohini Oberoi,Updated: 12 Mar, 2026 09:51 AM

राजधानी दिल्ली के बुराड़ी इलाके में एक निजी कोचिंग संचालक की घिनौनी करतूत ने सबको स्तब्ध कर दिया है। आरोपी टीचर धीरज चौधरी पर आरोप है कि उसने अपनी तीन नाबालिग छात्राओं को डरा-धमकाकर उनके साथ महीनों तक दुष्कर्म किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो...
Burari Tuition Teacher Rape Case Delhi : राजधानी दिल्ली के बुराड़ी इलाके में एक निजी कोचिंग संचालक की घिनौनी करतूत ने सबको स्तब्ध कर दिया है। आरोपी टीचर धीरज चौधरी पर आरोप है कि उसने अपनी तीन नाबालिग छात्राओं को डरा-धमकाकर उनके साथ महीनों तक दुष्कर्म किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) और दुष्कर्म जैसी संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
अगस्त 2024 से शुरू हुआ खौफ का खेल
पीड़ित छात्राओं ने सोमवार को बुराड़ी थाने पहुंचकर अपनी आपबीती सुनाई। 17 वर्षीय मुख्य पीड़िता के अनुसार दरिंदगी का यह सिलसिला पिछले साल अगस्त में शुरू हुआ था। आरोपी ने दो सहेलियों को कोचिंग सेंटर बुलाकर पहले बेल्ट से बुरी तरह पीटा और फिर उनके साथ दुष्कर्म किया। दो दिन बाद उसने तीसरी छात्रा को भी शिकार बनाया। जब छात्राओं ने विरोध किया तो आरोपी ने उन्हें धमकी दी कि वह AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) का इस्तेमाल कर उनकी अश्लील फोटो और वीडियो बनाएगा और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा। इतना ही नहीं उसने छात्राओं के परिवार को जान से मारने की भी धमकी दी।
पार्टी के बहाने मारपीट
अक्टूबर 2024 में आरोपी ने जन्मदिन की पार्टी रखी थी। बताया जा रहा है कि वहां आरोपी ने शराब के नशे में छात्राओं के साथ मारपीट की। वह छात्राओं पर इस कदर नियंत्रण रखना चाहता था कि उनके कहीं घूमने जाने या दोस्तों से बात करने पर भी उन्हें यातनाएं देता था।
हाई वोल्टेज ड्रामा: खुद शिकायत करने पहुंचा और फंस गया
सोमवार को आरोपी ने एक बड़ी चालाकी चलने की कोशिश की जो उसी पर भारी पड़ गई। वह एक छात्रा के घर पहुंचा और उसके चरित्र पर सवाल उठाकर परिजनों को गुमराह करने लगा। इसी दौरान छात्रा ने हिम्मत जुटाई और सबके सामने उसकी पूरी पोल खोल दी। राज खुलते ही आरोपी घबरा गया और परिजनों को कमरे में बंद कर बाहर से कुंडी लगाकर फरार हो गया। बाद में पड़ोसियों की मदद से परिवार को बाहर निकाला गया।
पुलिसिया कार्रवाई और आशंका
बुराड़ी पुलिस ने आरोपी धीरज चौधरी के खिलाफ मारपीट, बंधक बनाने, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत FIR दर्ज कर ली है। पुलिस की कई टीमें उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही हैं। पुलिस को अंदेशा है कि आरोपी ने अन्य छात्राओं के साथ भी ऐसी हरकतें की होंगी, जिनकी जांच जारी है।