Edited By Yaspal,Updated: 28 Apr, 2023 04:54 PM

जनता दल (यूनाइटेड) के पूर्व प्रवक्ता अजय आलोक शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। केन्द्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव, राज्यसभा सदस्य अनिल बलूनी और अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में आलोक ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की
नेशनल डेस्कः जनता दल (यूनाइटेड) के पूर्व प्रवक्ता अजय आलोक शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। केन्द्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव, राज्यसभा सदस्य अनिल बलूनी और अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में आलोक ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। जदयू से अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत करने वाले अजय आलोक को पिछले साल मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मतभेद के बाद पार्टी से निकाल दिया गया था।
भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने के बाद आलोक ने कहा कि आज का दिन उनके लिए ‘बहुत खास' है क्योंकि वह ‘अपने परिवार' में ही आए हैं। उन्होंने कहा, ‘‘ऐसा परिवार जिसके मुखिया नरेन्द्र मोदी हैं और जिनकी नीतियों से मैं तो क्या पूरा देश प्रभावित है।''
पेशे से चिकित्सक आलोक ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा के अभियान में वह यदि एक प्रतिशत का भी योगदान दे सकें तो यह उनके लिए गर्व की बात होगी। वह भाजपा की नीतियों के प्रबल समर्थक रहे हैं और विभिन्न मंचों पर उसका पुरजोर तरीके से बचाव करते हैं।
वैष्णव ने आलोक का भाजपा में स्वागत करते हुए उन्हें एक ‘‘प्रखर चिंतक' बताया और कहा, ‘‘जो हमारी विचारधारा के साथ जुड़कर काम करे, राष्ट्र प्रथम की भावना को अपनी भावना माने और जो विकास को अपनी जिंदगी की यात्रा माने, ऐसे सभी साथियों का हमेशा स्वागत है।'' उन्होंने कहा कि आज की पीढ़ी की आकांक्षाओं को पूरा करने का काम प्रधानमंत्री मोदी कर रहे हैं। जद (यू) ने पिछले साल उन्हें पार्टी के पूर्व अध्यक्ष आर सी पी सिंह के साथ कथित निकटता के लिए निष्कासित कर दिया था।
अजय अलोक ने पार्टी के सर्वोच्च नेता और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ मतभेदों के बाद जद (यू) से इस्तीफा दे दिया था। आलोक ने कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि वह कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार और सांप्रदायिकता से समझौता करके अपने ही काम को नष्ट कर रहे हैं। आलोक ने कहा कि वह जद(यू) से उन्हें निष्कासित करने के लिए नीतीश कुमार के आभारी हैं। उन्होंने दावा कि आने वाले महीनों में बड़ी संख्या में जद (यू) के नेता पार्टी छोड़ देंगे।