Edited By Pardeep,Updated: 01 May, 2026 12:08 AM

ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले में गुरुवार तड़के एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। हेमगिरी पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत रतनसरा में दो ट्रकों के बीच हुई आमने-सामने की भीषण टक्कर में एक 20 वर्षीय ट्रक ड्राइवर की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई।...
सुंदरगढ़: ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले में गुरुवार तड़के एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। हेमगिरी पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत रतनसरा में दो ट्रकों के बीच हुई आमने-सामने की भीषण टक्कर में एक 20 वर्षीय ट्रक ड्राइवर की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान बिहार निवासी मनीष कुमार के रूप में हुई है।
केबिन में फंसने से हुई मौत
जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 4 बजे हुआ जब लोहे से लदा एक ट्रक छत्तीसगढ़ के रायगढ़ की ओर जा रहा था और सामने से आ रहे एक अन्य ट्रक से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हेमगिरी की ओर जा रहे ट्रक में तुरंत भीषण आग लग गई। ड्राइवर मनीष कुमार ट्रक के केबिन के भीतर ही फंस गया और उसे बाहर निकलने का मौका नहीं मिला, जिससे वह मलबे के बीच ही जिंदा जल गया। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था।
मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम
इस घटना के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया। मृतक के परिजनों और अन्य ड्राइवरों ने 12 लाख रुपये के मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दी। प्रदर्शनकारियों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने से रोक दिया और सड़क पर धरना दिया। स्थिति को सामान्य करने के लिए हेमगिरी पुलिस प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर रही है।
जांच में जुटी पुलिस
हादसे में दूसरे ट्रक का ड्राइवर बाल-बाल बच गया, उसे मामूली चोटें आई हैं और उसे इलाज के लिए हेमगिरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। हेमगिरी थाना प्रभारी मनोरंजन बिसी ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।