Edited By Parveen Kumar,Updated: 09 Apr, 2026 09:04 PM

सोना और चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव के बीच गुरुवार, 9 अप्रैल 2026 की शाम निवेशकों और खरीदारों के लिए राहत भरी खबर लेकर आई। दोनों कीमती धातुओं के दाम में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे बाजार में खरीदारी का माहौल बन गया है।
नेशनल डेस्क : सोना और चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव के बीच गुरुवार, 9 अप्रैल 2026 की शाम निवेशकों और खरीदारों के लिए राहत भरी खबर लेकर आई। दोनों कीमती धातुओं के दाम में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे बाजार में खरीदारी का माहौल बन गया है।
सोने की कीमत में 1,000 रुपये से ज्यादा की गिरावट
इंडिया बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, 24 कैरेट सोने की कीमत में 1,184 रुपये की कमी आई है, जिसके बाद इसका भाव 1,49,937 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया है। इससे पहले इसकी कीमत 1,51,121 रुपये प्रति 10 ग्राम थी। वहीं, 22 कैरेट सोना घटकर 1,37,342 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया, जो पहले 1,38,427 रुपये था। 18 कैरेट सोने की कीमत भी गिरकर 1,12,453 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई है।
चांदी भी सस्ती, करीब 8,000 रुपये की बड़ी गिरावट
सोने के साथ-साथ चांदी की कीमतों में भी तेज गिरावट दर्ज की गई है। चांदी का भाव 7,883 रुपये घटकर 2,36,158 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया है, जबकि पहले यह 2,44,041 रुपये प्रति किलो था। इस गिरावट के बाद सर्राफा बाजार में खरीदारों की दिलचस्पी बढ़ती नजर आ रही है।
वायदा बाजार में मिला-जुला रुख
वायदा बाजार में हालांकि सोने और चांदी के भाव में मिला-जुला रुझान देखने को मिला। खबर लिखे जाने तक 5 जून 2026 के गोल्ड कॉन्ट्रैक्ट में 0.47% की बढ़त के साथ कीमत 1,52,488 रुपये तक पहुंच गई।
वहीं, 5 मई 2026 के सिल्वर कॉन्ट्रैक्ट में 0.60% की गिरावट के साथ भाव 2,38,483 रुपये रहा।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में दबाव
ग्लोबल मार्केट में भी सोने और चांदी पर दबाव बना हुआ है। सोना 0.11% की हल्की गिरावट के साथ करीब 4,770 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता दिखा, जबकि चांदी 74 डॉलर प्रति औंस के आसपास रही। विशेषज्ञों के अनुसार, हालिया तेजी के बाद मुनाफावसूली और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल ने कीमती धातुओं पर दबाव बनाया है।