Gold-Silver Price: सोना-चांदी की कीमतों ने तोड़े रिकॉर्ड, लगातार 5वें दिन तेजी, क्या आगे और बढ़ेंगे भाव या आएगी गिरावट?

Edited By Updated: 26 Dec, 2025 08:29 PM

gold silver prices break records will the prices rise further or will they fall

वायदा बाजार में शुक्रवार को सोना और चांदी नई रिकॉर्ड ऊंचाइयों पर पहुंच गए। एमसीएक्स पर चांदी 8,951 रुपये उछलकर 2,32,741 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई, जबकि सोना पहली बार 1.39 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के पार पहुंचा। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में मजबूती,...

नेशनल डेस्कः वैश्विक बाजारों में मजबूती और सुरक्षित निवेश की बढ़ती मांग के बीच वायदा बाजार में कीमती धातुओं ने नया इतिहास रच दिया है। शुक्रवार को चांदी और सोने की कीमतों में जोरदार उछाल दर्ज किया गया, जिससे दोनों धातुएं रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गईं और निवेशकों का रुझान एक बार फिर सुरक्षित परिसंपत्तियों की ओर बढ़ता दिखा।

चांदी का भाव 8,951 रुपये उछलकर 2,32,741 रुपये प्रति किलोग्राम की नई रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया। यह लगातार पांचवां कारोबारी सत्र रहा, जब वायदा बाजार में चांदी मजबूत हुई। कीमतों में यह उछाल अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी के भाव के 75 डॉलर प्रति औंस के स्तर को पार करने के बाद देखने को मिला। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर मार्च 2026 डिलीवरी वाली चांदी के वायदा में करीब चार प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई, जिससे यह सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गई। 18 दिसंबर के बाद से अब तक चांदी की कीमतों में कुल 29,176 रुपये यानी लगभग 14.33 प्रतिशत की बढ़ोतरी हो चुकी है।

सोने की कीमतों ने भी रचा इतिहास

इसी दौरान जिंस बाजार में सोने की कीमतों ने भी नया इतिहास रच दिया। सोने का भाव पहली बार 1.39 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर को पार कर गया। लगातार चौथे कारोबारी सत्र में तेजी के साथ फरवरी डिलीवरी वाले सोने का वायदा भाव 1,119 रुपये यानी 0.81 प्रतिशत बढ़कर 1,39,216 रुपये प्रति 10 ग्राम के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। क्रिसमस के अवसर पर गुरुवार को घरेलू जिंस बाजार बंद रहे, लेकिन अंतरराष्ट्रीय बाजारों में सोने और चांदी के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने का असर घरेलू सर्राफा बाजार में साफ दिखाई दिया।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कीमतें

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कीमती धातुओं में जोरदार उछाल दर्ज किया गया। कॉमेक्स पर फरवरी डिलीवरी वाले सोने का वायदा भाव 58.8 डॉलर यानी 1.3 प्रतिशत की तेजी के साथ 4,561.6 डॉलर प्रति औंस के नए शिखर पर पहुंच गया। रिलायंस सिक्योरिटीज के वरिष्ठ शोध विश्लेषक जिगर त्रिवेदी के अनुसार, शुक्रवार को सोने की कीमतें बढ़कर करीब 4,500 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गईं और कारोबार के दौरान कुछ समय के लिए यह 4,530 डॉलर प्रति औंस के सर्वकालिक उच्च स्तर पर भी रही। उन्होंने बताया कि भू-राजनीतिक तनाव में वृद्धि और अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदों के चलते सुरक्षित निवेश के रूप में सोने की मांग बढ़ी है, जिससे कीमतों को समर्थन मिला।

चांदी की बात करें तो कॉमेक्स पर मार्च डिलीवरी वाली चांदी के वायदा में लगातार पांचवें दिन तेजी दर्ज की गई। चांदी का भाव 3.81 डॉलर यानी 5.31 प्रतिशत उछलकर 75.49 डॉलर प्रति औंस के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। इससे पहले बुधवार को चांदी 71.68 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुई थी।

 

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!