Heavy Rain Alert : पंजाब, हरियाणा समेत इन राज्यों में बारिश... बिजली गिरने की संभावना, IMD का अलर्ट जारी

Edited By Updated: 15 Mar, 2026 09:28 PM

heavy rain alert rain in these states including punjab and haryana

देश के कई हिस्सों में बढ़ती गर्मी के बीच मौसम विभाग ने राहत की संभावना जताई है। अगले कुछ दिनों में बादलों की सक्रियता बढ़ने से तापमान में गिरावट आ सकती है और हीटवेव का असर कम होने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार 15 से 17 मार्च के बीच उत्तर भारत...

नेशनल डेस्क : देश के कई हिस्सों में बढ़ती गर्मी के बीच मौसम विभाग ने राहत की संभावना जताई है। अगले कुछ दिनों में बादलों की सक्रियता बढ़ने से तापमान में गिरावट आ सकती है और हीटवेव का असर कम होने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार 15 से 17 मार्च के बीच उत्तर भारत के कई हिस्सों में पश्चिमी विक्षोभ के कारण बादल छाए रहेंगे और कुछ इलाकों में आंधी, गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश और बिहार के कुछ क्षेत्रों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। वहीं पहाड़ी राज्यों में बारिश के साथ बर्फबारी की भी संभावना जताई गई है।

पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी

मौसम विभाग के मुताबिक जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में अगले 24 से 48 घंटे के दौरान बारिश और बर्फबारी का दौर जारी रह सकता है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पहाड़ों पर मौसम ठंडा और बदला हुआ रहेगा। हालांकि मैदानी क्षेत्रों में ज्यादातर जगहों पर मौसम आंशिक रूप से शुष्क रहने का अनुमान है।

उत्तर प्रदेश में आंधी और बारिश की संभावना

उत्तर प्रदेश में अगले तीन दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कई जिलों में तेज हवाओं, गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, बागपत, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बुलंदशहर और आसपास के जिलों में बिजली गिरने और ओलावृष्टि का भी अनुमान लगाया गया है। हालांकि बुंदेलखंड और मध्य यूपी के कई हिस्सों में केवल आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। फिलहाल राज्य में अधिकतम तापमान 35 से 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच चुका है।

दिल्ली-एनसीआर में बारिश से मिली राहत

दिल्ली-एनसीआर में रविवार सुबह अचानक मौसम बदला और कई जगहों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई। ठंडी हवाओं और बूंदाबांदी से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली। मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि नोएडा और गुरुग्राम में येलो अलर्ट घोषित किया गया है। अगले दो दिनों तक बादलों की आवाजाही और हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। इससे तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आ सकती है।

बिहार में भी मौसम बदलेगा

बिहार के कई जिलों में भी 15 से 17 मार्च के बीच मौसम बदलने का अनुमान है। पटना, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया, किशनगंज, भागलपुर, बेगूसराय और आसपास के जिलों में आंधी, तेज हवाओं और बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है और बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा।

हरियाणा और पंजाब में भी बारिश का पूर्वानुमान

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी हिमालय में सक्रिय सिस्टम के कारण हरियाणा और पंजाब के कई हिस्सों में भी गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर तेज हवाएं और बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं। बारिश के कारण इन राज्यों में तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने की संभावना है।

दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर में भी सक्रिय रहेगा मौसम

मौसम एजेंसियों के मुताबिक दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में भी अगले दो से तीन दिनों तक मौसमी गतिविधियां बनी रह सकती हैं। तमिलनाडु के तटीय इलाकों में तेज हवाओं और बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं केरल और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में बादल छाए रहने की संभावना है। पूर्वोत्तर भारत के असम, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम और मेघालय में भी तेज बारिश और आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की गई है।

गर्मी और हीटवेव के संकेत

हालांकि कई जगहों पर बारिश की संभावना है, लेकिन देश के अधिकांश हिस्सों में तापमान धीरे-धीरे बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में कुछ राज्यों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि तापमान सामान्य से 4 से 5 डिग्री ज्यादा होने पर हीटवेव की स्थिति बनती है। ऐसे मौसम में शरीर में पानी की कमी, हीट क्रैम्प्स और हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है।

सनबर्न से भी सावधान रहने की सलाह

गर्मी बढ़ने के साथ ही डॉक्टरों ने सनबर्न से बचाव की भी सलाह दी है। सूरज की तेज पराबैंगनी किरणों के लंबे समय तक संपर्क में रहने से त्वचा पर जलन, लाल दाग और सूजन जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसलिए विशेषज्ञों ने दोपहर के समय तेज धूप से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है।

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!