Edited By Rohini Oberoi,Updated: 07 Aug, 2026 11:02 AM

जयपुर के सांभर इलाके से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां एक शादीशुदा भतीजी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपनी ही बुआ की बेरहमी से हत्या कर दी और घर में रखे सोने-चांदी के जेवर तथा नकदी लेकर फरार हो गई। पुलिस ने...
राजस्थान : जयपुर के सांभर इलाके से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां एक शादीशुदा भतीजी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपनी ही बुआ की बेरहमी से हत्या कर दी और घर में रखे सोने-चांदी के जेवर तथा नकदी लेकर फरार हो गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और गहन जांच के आधार पर मामले का खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
सांभरलेक थानाधिकारी राममिलन मीना के अनुसार यह घटना 30 जुलाई को हुई। तेज्या का बास निवासी प्रकाश नारायण शर्मा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी सास कमला देवी की उनके ही घर में हत्या कर दी गई है। इसके साथ ही घर में रखे सोने-चांदी के कीमती आभूषण और नकदी भी गायब थे। प्रथम दृष्टया मामला लूट के इरादे से की गई हत्या का लग रहा था। सांभर थाना पुलिस, साइबर सेल और फॉरेंसिक टीमों ने तुरंत जांच शुरू की। घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और मोबाइल लोकेशन ट्रेस की गई।
वहीं पुलिस जांच का दायरा जैसे-जैसे आगे बढ़ा, शक की सुई मृतका की भतीजी ललिता की ओर घूमने लगी। पुलिस ने जब ललिता को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। ललिता के कबूलनामे और निशानदेही पर उसके कथित प्रेमी बबलू मीणा को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
यह भी पढ़ें: सीरिया में बड़ा धमाका: दमिश्क के उपनगर में मिनीवैन में ब्लास्ट, 2 की मौत और 13 घायल
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ललिता शादीशुदा है लेकिन वह अपने प्रेमी बबलू मीणा के साथ अय्याशी, मौज-मस्ती और शराब पार्टियों के लिए पैसों का इंतजाम करना चाहती थी। भतीजी होने के नाते ललिता को बुआ कमला देवी के घर का पूरा नक्शा, चाबियों की जगह, गहनों की तिजोरी और परिवार के आने-जाने के समय की पूरी जानकारी थी।
दोनों ने पहले घर की रेकी की और फिर रात के अंधेरे में घर में दाखिल होकर कमला देवी की हत्या कर दी। हत्या के बाद जेवर और नकदी लूटकर दोनों फरार हो गए ताकि पुलिस इसे किसी बाहरी गिरोह द्वारा अंजाम दी गई लूट समझे।
यह भी पढ़ें: ताबड़तोड़ फायरिंग से दहला इस देश का स्कूल, छात्र ने चलाईं अंधाधुंध गोलियां, कई घायल
पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से मृतका के घर से चुराया गया सामान बरामद कर लिया है जिसमें दो सोने की चूड़ियां, सोने के टॉप्स, नाक का कांटा, चांदी की पायजेब और सिक्के, नकदी, एटीएम कार्ड और अन्य निजी दस्तावेज शामिल हैं। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या, डकैती और आपराधिक साजिश की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।