Edited By Radhika,Updated: 30 May, 2026 03:18 PM

लगातार बढ़ती हुई इस गर्मी के बीच कई बार AC फटने की कई खबरें सामने आती है। कुछ समय पहले दिल्ली में एक बिलडिंग में AC ब्लास्ट की घटना सामने आई थी। इसमें 9 लोगों की मौत की खबर सामने आई थी। हाल ही में भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (CCI) के पहले चेयरमैन और...
नेशनल डेस्क: लगातार बढ़ती हुई इस गर्मी के बीच कई बार AC फटने की कई खबरें सामने आती है। कुछ समय पहले दिल्ली में एक बिलडिंग में AC ब्लास्ट की घटना सामने आई थी। इसमें 9 लोगों की मौत की खबर सामने आई थी। हाल ही में भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (CCI) के पहले चेयरमैन और रिटायर्ड आईएएस अधिकारी धनेंद्र कुमार (80 वर्ष) की दिल्ली स्थित आवास पर AC ब्लास्ट के बाद लगी आग में दर्दनाक मौत हो गई। लगातार बढ़ती गर्मी और AC के अत्यधिक इस्तेमाल के कारण ये हादसे अब एक खतरनाक पैटर्न बनते जा रहे हैं।
AC में आग लगने और ब्लास्ट होने के मुख्य कारण
विशेषज्ञों और दिल्ली अग्निशमन विभाग के अनुसार घरेलू आग की लगभग 60% घटनाएं बिजली से जुड़ी गड़बड़ियों के कारण होती हैं। AC में आग लगने के पीछे निम्नलिखित मुख्य वजहें होती हैं:
- अत्यधिक तापमान और ओवरहीटिंग: बाहर अत्याधिक गर्मी होने के कारण एसी को जब लगातार चलाया जाता है तो इससे मशीन पर लोड काफी बढ़ जाता है। इससे मशीन के आंतरिक पुर्जे पिघल सकते हैं और वायरिंग का इंसुलेशन खराब होने से आग सुलग जाती है।
- शॉर्ट-सर्किट और ओवरलोडिंग: कई बार ढीली वायरिंग, खराब क्वालिटी के उपकरण या स्विचबोर्ड में खराबी के कारण शॉर्ट-सर्किट की आशंका बढ़ जाती है।
- गैस लीकेज और कंप्रेसर की खराबी: आउटडोर यूनिट में लगा कंप्रेसर रेफ्रिजरेंट गैस को कंप्रेस करता है। अगर लंबे समय तक इसकी सर्विस न करवाई जाए तो कंप्रेसर के ओवरहीट होने से एक छोटी सी चिंगारी एक बड़े धमाके का रुप ले सकती है।
कौन सा AC है ज्यादा सेफ?
- नॉन-इन्वर्टर AC
- इसमें कंप्रेसर एक Fixed-speed पर चलता है। कमरा ठंडा और गर्म होने पर यह ऑटोंमेटिक ऑन/ ऑफ हो जाता है। बार-बार चालू-बंद होने और अत्यधिक गर्मी के कारण पुरानी पड़ चुकी यूनिट्स, कैपेसिटर या वायरिंग पर भारी दबाव पड़ता है, जिससे 'AC ब्लास्ट' का खतरा बढ़ जाता है।
- इन्वर्टर AC
- इसमें कंप्रेसर पूरी तरह से बंद नहीं होता ब्लकि उसकी स्पीड को अपनी जरुरत के हिसाब से रेगुलेट किया जाता है। इससे बिजली के पुर्जों पर मैकेनिकल दबाव तो कम होता है, लेकिन यह पूरी तरह से सुरक्षित नहीं है। अगर इसके इलेक्ट्रॉनिक सर्किट बोर्ड (PCB) में खराबी आ जाए, वोल्टेज का भारी उतार-चढ़ाव हो, या रेफ्रिजरेंट लीक हो, तो इन्वर्टर AC में भी आग लग सकती है।

इन संकेतों को न करें नजरअंदाज
सुरक्षा विशेषज्ञों के अनुसार, किसी बड़े हादसे से पहले AC कुछ संकेत जरूर देता है। यदि आपकी यूनिट में ये लक्षण दिखें, तो तुरंत सावधानी बरतें:
- AC चलाते समय यूनिट के अंदर से किसी भी तरह की अजीब या तेज आवाज आना।
- कंप्रेसर का बार-बार बहुत जल्दी-जल्दी चालू और बंद (Tripping) होना।
- कमरे में एक जैसी कूलिंग न होना या अचानक ठंडी हवा बंद हो जाना।
- AC यूनिट या स्विचबोर्ड के पास से कुछ जलने की गंध आना या हल्का धुआं निकलना।