Edited By Sahil Kumar,Updated: 10 Oct, 2026 02:35 PM

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शनिवार को आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने 'लोकतंत्र की जननी' का गला घोंट दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार के खिलाफ सवाल उठाने वाले युवाओं, छात्रों, वकीलों, पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और किसान यूनियन के नेताओं को...
नई दिल्लीः कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शनिवार को आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने 'लोकतंत्र की जननी' का गला घोंट दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार के खिलाफ सवाल उठाने वाले युवाओं, छात्रों, वकीलों, पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और किसान यूनियन के नेताओं को हिरासत में लिया जा रहा है।
खरगे ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की 'कायरता' आज खुलकर सामने आ गई है। उन्होंने कहा कि हिरासत, गिरफ्तारी, जेल, लाठीचार्ज और पैलेट गन भी देश के लोगों को उनके अधिकारों के लिए आवाज उठाने से नहीं रोक सकते।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के दिनों से ही युवा देश का भविष्य तय करने में अग्रणी भूमिका निभाते रहे हैं। खरगे ने कहा कि कांग्रेस पार्टी एकजुट विपक्ष के साथ मिलकर सरकार के खिलाफ मजबूती से लड़ाई लड़ेगी।
उन्होंने कहा, हमने भारत की आजादी हासिल करने के लिए अपना खून बहाया है। हम अपने लोकतंत्र, संविधान और हर भारतीय के मौलिक अधिकारों की रक्षा के लिए अपनी पूरी ताकत से लड़ते रहेंगे। कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था को 'युद्ध जैसी तैनाती' बताते हुए कहा कि युवा पीढ़ी (जेन जी) अघोषित आपातकाल से बेहतर स्थिति का हकदार है।
थरूर ने 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि चुनावों की निष्पक्षता पर सवाल उठाने से रोकने के लिए राजधानी में बैरिकेडिंग, इंटरनेट बंद करने और प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने जैसे कदम उठाए जा रहे हैं।