Edited By Yaspal,Updated: 06 Jun, 2023 11:38 PM

मुंबई के चर्चगेट इलाके में एक गर्ल्स हॉस्टल में 19 वर्षीय लड़की का शव मिला है। जानकारी के मुताबिक, लड़की की हत्या कर उसे कमरे में बंद कर दिया गया था
नेशनल डेस्कः मुंबई के चर्चगेट इलाके में एक गर्ल्स हॉस्टल में 21 वर्षीय लड़की का शव मिला है। जानकारी के मुताबिक, लड़की की हत्या कर उसे कमरे में बंद कर दिया गया था और आरोपी बाहर से कमरे को बंद कर फरार हो गया। मुंबई पुलिस ने बताया कि कमरा बाहर से बंद था। लड़की के गले में दुपट्टा लिपटा हुआ था।
पुलिस ने लड़की के साथ रेप की आशंका जताई है। पुलिस का मानना है कि रेप के बाद लड़की की हत्या की गई है। हॉस्टल में काम करने वाला युवक हत्या के बाद फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में जल्द एफआईआर दर्ज की जाएगी।
पीड़िता बांद्रा के एक नामी कॉलेज की छात्रा थी और वह मरीन ड्राइव पर सावित्रीबाई फुले गर्ल्स हॉस्टल की चौथी मंजिल पर रहती थी। शाम करीब चार बजे अलर्ट के बाद मरीन ड्राइव पुलिस स्टेशन की एक टीम वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंची। हॉस्टल के अन्य लोगों ने बताया कि, अकोला की रहने वाली लड़की एक दो दिन में अपने घर जाने की तैयारी कर रही थी।
प्रारंभिक सूचना के अनुसार, प्रकाश कनौजिया के रूप में पहचाने जाने वाले छात्रावास के सुरक्षा गार्ड कथित तौर पर लापता हैं। पुलिस ने अभी तक आधिकारिक तौर पर यह टिप्पणी नहीं की है कि यह घटना हत्या है या आत्महत्या, या किसी तरह का हमला शामिल है। डिविजनल डीसीपी, क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस की स्पेशल टीम मामले की जांच कर रही है।
दिल्ली में मिले दो बच्चों के शव
इससे पहले दिल्ली के दिल्ली के जामिया नगर स्थित एक फैक्ट्री से दो बच्चों के शव बरामद होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।दिल्ली पुलिस ने मंगलवार (6 जून) को बताया कि जामिया नगर स्थित फैक्ट्री में लकड़ी के बक्से में 7 और 8 साल दो बच्चों के शव मिले हैं। पुलिस के मुताबिक, बच्चे कल (5 जून) से लापता थे। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।
दक्षिण पूर्वी दिल्ली के डीसीपी ने बताया कि प्राथमिक जांच में बच्चों के शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले हैं। यह दुर्घटनावश दम घुटने का मामला लगता है। तत्काल दोनों बच्चों के पोस्टमार्टम रिपोर्ट के साथ ही मौके पर जांच के लिए पहुंची एफएसएल और क्राइम टीम के रिपोर्ट के बाद इस मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।