Edited By Anu Malhotra,Updated: 16 Jun, 2026 10:30 AM

Mussoorie Mystery Death: मसूरी के एक होमस्टे में ठहरी 27 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद स्थानीय पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम...
Mussoorie Mystery Death: मसूरी के एक होमस्टे में ठहरी 27 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद स्थानीय पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, महिला अपने पति के साथ दिल्ली से उत्तराखंड घूमने आई थी और ऋषिकेश घूमने के बाद मसूरी पहुंचे थे। उन्होंने मसूरी-धनोल्टी मार्ग स्थित एक होमस्टे में कमरा बुक किया था।
सोमवार सुबह पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि होमस्टे के एक कमरे में ठहरी महिला की हालत गंभीर है और वह कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान स्वास्थ्यकर्मियों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कमरे के अंदर के हालात सामान्य नहीं थे। महिला का शव कमरे के फर्श पर मिला, जबकि बिस्तर पर खून के निशान पाए गए। मौके से शराब की खाली बोतलें और अन्य सामान भी बरामद किया गया है। पुलिस की फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं और पूरे कमरे की वीडियोग्राफी कराई गई है।
मृतका की पहचान पी. राधा गायत्री के रूप में हुई है। वह मूल रूप से आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम की रहने वाली थीं और वर्तमान में दिल्ली में रह रही थीं। वह गुरुग्राम स्थित एक आईटी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर कार्यरत थीं। उनकी शादी करीब सात महीने पहले हुई थी। उनके पति भी आईटी सेक्टर से जुड़े हुए हैं और पुणे में नौकरी करते हैं।
पति ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि दोनों ने रात में कमरे में समय बिताया और शराब का सेवन किया था। देर रात सोने के बाद जब सुबह उनकी आंख खुली तो उन्होंने देखा कि पत्नी की नाक से खून निकल रहा था और वह कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रही थी। इसके बाद तत्काल मदद के लिए सूचना दी गई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद महिला के ससुराल पक्ष के लोग मसूरी पहुंच गए हैं, जबकि उनके परिजनों को भी सूचना दे दी गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए डॉक्टरों के विशेष पैनल द्वारा वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
फिलहाल पुलिस मौत के पीछे की वास्तविक वजह जानने के लिए सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि महिला की मौत प्राकृतिक कारणों से हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह है।