Edited By Ramanjot,Updated: 29 Jul, 2026 06:26 PM

आईएमडी के बुधवार, सुबह जारी बुलेटिन के अनुसार, उत्तर आंतरिक ओडिशा और दक्षिण झारखंड-छत्तीसगढ़ से लगे क्षेत्रों में बना गहरा दबाव पश्चिम की ओर बढ़ रहा है।
Weather Update: भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में तीन अगस्त तक व्यापक बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। विभाग ने कई क्षेत्रों में अतिवृष्टि, गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। यह स्थिति अगस्त के पहले सप्ताह तक रह सकती है।
कई राज्यों में सक्रिय रहेगा मानसून
आईएमडी के बुधवार, सुबह जारी बुलेटिन के अनुसार, उत्तर आंतरिक ओडिशा और दक्षिण झारखंड-छत्तीसगढ़ से लगे क्षेत्रों में बना गहरा दबाव पश्चिम की ओर बढ़ रहा है। अगले 24 घंटे में इसके उत्तर आंतरिक ओडिशा और उत्तर छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ने की संभावना है, जिससे उत्तर भारत के कई राज्यों में मानसून सक्रिय रहेगा। दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में 29 से 31 जुलाई और दो से तीन अगस्त को व्यापक बारिश होने का अनुमान है। एक अगस्त को बारिश में कुछ कमी आ सकती है।
पहाड़ी क्षेत्रों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह
विभाग ने 30 जुलाई से तीन अगस्त के बीच कई स्थानों पर भारी बारिश और 29 जुलाई को कुछ क्षेत्रों में बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी दी है। हिमाचल प्रदेश में 29 जुलाई से तीन अगस्त तक व्यापक बारिश का अनुमान है। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन, अचानक बाढ़ और जलभराव की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। उत्तराखंड में 29 जुलाई से तीन अगस्त तक व्यापक बारिश का पूर्वानुमान है। विभाग ने पहाड़ी इलाकों में अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी है।
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में 29 जुलाई से तीन अगस्त तक व्यापक बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं का अनुमान है, जो 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। यहां 29 जुलाई और 31 जुलाई से तीन अगस्त के बीच भारी बारिश, जबकि 30 जुलाई को अतिवृष्टि का अनुमान जताया है। मौसम विभाग ने निचले और पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।