Edited By Mehak,Updated: 19 Sep, 2025 06:26 PM

हम सब जानते हैं कि बचपन और किशोरावस्था में हमारी लंबाई (Height) बढ़ती है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि उम्र बढ़ने के साथ यह धीरे-धीरे घटने भी लगती है? यह सिर्फ़ कल्पना नहीं, बल्कि वैज्ञानिक रूप से साबित तथ्य है। हार्वर्ड हेल्थ पब्लिशिंग की 2022 की...
नेशनल डेस्क : हम सब जानते हैं कि बचपन और किशोरावस्था में हमारी लंबाई (Height) बढ़ती है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि उम्र बढ़ने के साथ यह धीरे-धीरे घटने भी लगती है? यह सिर्फ़ कल्पना नहीं, बल्कि वैज्ञानिक रूप से साबित तथ्य है। हार्वर्ड हेल्थ पब्लिशिंग की 2022 की रिपोर्ट के अनुसार, 40 साल की उम्र के बाद ज़्यादातर लोगों की हाइट कम होने लगती है और यह प्रक्रिया उम्र बढ़ने के साथ तेज़ हो जाती है। पुरुषों में 30 से 70 साल की उम्र के बीच औसतन 2.5 सेमी तक और महिलाओं में 5 सेमी तक की हाइट कम हो सकती है। हालांकि, अगर कम समय में बहुत ज़्यादा हाइट कम हो, तो यह स्वास्थ्य समस्याओं का संकेत भी हो सकता है। एक जापानी अध्ययन (2023) के मुताबिक़, अगर 5 साल में हाइट 2% से ज़्यादा घटती है, तो दिल की बीमारियों और समय से पहले मौत का ख़तरा दोगुना हो जाता है।
आइए जानते हैं मेडिकल साइंस के अनुसार वो 5 मुख्य कारण, जिनसे उम्र के साथ हाइट घटने लगती है:
1. रीढ़ की हड्डी की डिस्क का सिकुड़ना
- उम्र के साथ रीढ़ की हड्डियों के बीच की डिस्क पतली और सूखी होने लगती हैं। इससे रीढ़ की लंबाई कम हो जाती है।
- हर दशक में लगभग आधा इंच (1.27 सेमी) हाइट घट सकती है।
- महिलाओं में यह समस्या पुरुषों से ज़्यादा होती है।
बचाव: नियमित व्यायाम और सही मुद्रा (Posture) अपनाना ज़रूरी है।
2. ऑस्टियोपोरोसिस (हड्डियों का कमजोर होना)
- इस बीमारी में हड्डियां कमजोर और भुरभुरी हो जाती हैं, खासकर रीढ़ की हड्डियां। इससे हाइट 2 से 5 सेमी तक घट सकती है।
- महिलाओं में 50 साल की उम्र के बाद इसका असर ज़्यादा देखा जाता है।
- हाइट घटने के साथ हड्डी टूटने (Hip Fracture) का खतरा भी बढ़ जाता है।
बचाव: पर्याप्त कैल्शियम, विटामिन D लें और वेट ट्रेनिंग करें।
3. खराब पोश्चर और किफोसिस
- कमजोर मसल्स और झुकी हुई पीठ (Hunchback) भी हाइट कम करने का कारण बनती है।
- खराब पोश्चर से 2 इंच तक की कमी आ सकती है।
- बुज़ुर्गों में यह कमजोरी और फ्रेलिटी (Frailty) का संकेत भी है।
बचाव: योग, स्ट्रेचिंग और बैलेंस एक्सरसाइज से पीठ और कोर मसल्स को मज़बूत करें।
4. सर्कोपेनिया (मसल्स का कम होना)
- उम्र के साथ मसल्स मास कम हो जाता है, खासकर पेट और पीठ के मसल्स। इससे पोश्चर बिगड़ता है और हाइट कम होती है।
- महिलाओं में मैनोपॉज़ के बाद यह असर ज़्यादा दिखता है।
बचाव: प्रोटीन युक्त आहार और रेज़िस्टेंस ट्रेनिंग करें।
5. कुपोषण और पुरानी बीमारियां
- अगर बचपन में पोषण की कमी हो तो हाइट पूरी तरह विकसित नहीं होती। वहीं, वयस्कों में गंभीर बीमारियां जैसे किडनी की समस्या या कैंसर भी हाइट घटने का कारण बन सकते हैं।
बचाव: संतुलित आहार लें और नियमित हेल्थ चेकअप करवाएं।
कब चिंता करनी चाहिए?
अगर हर साल हाइट में 1 इंच से ज़्यादा की कमी हो रही है, तो यह सामान्य नहीं है और तुरंत डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए। हाइट लॉस कई बार हार्ट डिज़ीज़ और हड्डी संबंधी बीमारियों का संकेत होता है।