Edited By Sanjeev,Updated: 24 Sep, 2026 09:17 AM

शुक्रवार को मुंबई में सुरक्षा का कड़ा पहरा रहेगा और गणपति विसर्जन दिवस को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए 24000 से ज्यादा पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा।
मुंबई : शुक्रवार को मुंबई में सुरक्षा का कड़ा पहरा रहेगा और गणपति विसर्जन दिवस को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए 24000 से ज्यादा पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा। 14 सितंबर को शुरू हुए इस त्योहार के समापन के तौर पर, अनंत चतुर्दशी के दिन यात्रा के बाद भगवान गणेश की मूर्तियों का विसर्जन किया जाएगा।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार अंतिम विसर्जन में शामिल होने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित उत्सव सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुंबई पुलिस और ट्रैफिक विभाग 6 संयुक्त पुलिस आयुक्त, 9 अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, 38 DCP, 66 ACP, 3,213 पुलिस अधिकारी, 18,940 अन्य सुरक्षाकर्मी और 1,050 प्रशिक्षुओं को तैनात करेंगे।
शहर भर में महत्वपूर्ण और संवेदनशील स्थानों पर रैपिड एक्शन फोर्स (RAF), स्टेट रिजर्व पुलिस फोर्स (SRPF), फोर्स वन, क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT), कानून-व्यवस्था प्लाटून, दंगा नियंत्रण दस्ते, डेल्टा और कॉम्बैट यूनिट, एंटी-ड्रोन स्क्वाड और होम गार्ड जैसी विशेष इकाइयां भी तैनात की जाएंगी। साथ ही संयुक्त पुलिस आयुक्त (यातायात) की देखरेख में यातायात प्रबंधन योजनाएं भी तैयार की गई हैं। मुंबई पुलिस ने लोगों से भीड़-भाड़ वाली जगहों पर संयम बरतने और सहयोग करने की अपील की है।
एक अधिकारी ने बताया कि श्रद्धालुओं से आग्रह किया गया है कि यदि उन्हें कोई लावारिस या संदिग्ध वस्तु दिखाई दे तो वे पुलिस को सूचित करें और तत्काल सहायता के लिए आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 100 या 112 पर कॉल करें। बयान के अनुसार सुरक्षा के व्यापक इंतजाम पुलिस आयुक्त के मार्गदर्शन और संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) की देखरेख में किए गए हैं।