Edited By Tanuja,Updated: 25 Apr, 2026 07:12 PM

एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि पाकिस्तान सिख यात्रियों को गुमराह कर खालिस्तान अभियान को बढ़ावा दे रहा है। साथ ही हथियार और ड्रग्स की तस्करी की बात भी सामने आई है। रिपोर्ट ने इसे भारत की एकता और पंजाब की शांति के लिए खतरा बताया है।
International Desk: एक नई रिपोर्ट में पाकिस्तान पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं कि वह सिख समुदाय के कुछ लोगों को गुमराह कर खालिस्तान अभियान को बढ़ावा देने की कोशिश कर रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान में मौजूद कुछ तत्व धार्मिक यात्राओं (तीर्थ यात्रा) को राजनीतिक मंच में बदलने की कोशिश कर रहे हैं, जो बेहद चिंताजनक माना जा रहा है। बताया गया है कि हाल ही में पाकिस्तान गए सिख श्रद्धालुओं ने देखा कि वहां के सिख नेता गोपाल सिंह चावला कथित तौर पर खालिस्तान के समर्थन में बयान दे रहे थे और लोगों को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे थे।
रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि पाकिस्तान से भारत में हथियार और ड्रग्स की तस्करी हो रही है, जिसमें कुछ अलगाववादी तत्व शामिल हो सकते हैं। यह गतिविधियां भारत, खासकर पंजाब की शांति और सुरक्षा के लिए खतरा बताई गई हैं। विशेष चिंता की बात यह है कि जो लोग श्रद्धा और शांति के भाव से धार्मिक स्थलों पर जाते हैं, उन्हें ऐसे राजनीतिक और भड़काऊ संदेशों का सामना करना पड़ रहा है।
रिपोर्ट के अनुसार, यह युवाओं को गुमराह करने और गलत दिशा में ले जाने की कोशिश भी हो सकती है। रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत ने लंबे समय के बाद आतंकवाद और अलगाववाद के दौर से बाहर निकलकर शांति और विकास की दिशा में कदम बढ़ाया है। ऐसे में इस तरह की गतिविधियां पुराने घावों को फिर से हरा कर सकती हैं। इसलिए रिपोर्ट में सुझाव दिया गया है कि ऐसे मामलों पर सख्त कूटनीतिक और कानूनी कार्रवाई हो ।