Edited By Pardeep,Updated: 29 Aug, 2025 11:56 PM

दिल्ली से शुक्रवार को यहां आ रही एक उड़ान ने श्रीनगर हवाई अड्डे पर आपात स्थिति में उतरने का अनुरोध किया और फिर वह सुरक्षित रूप से उतर गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्पाइसजेट की उड़ान संख्या एसजी 385 ने ‘‘दबाव संबंधी समस्या के...
नेशनल डेस्कः दिल्ली से शुक्रवार को यहां आ रही एक उड़ान ने श्रीनगर हवाई अड्डे पर आपात स्थिति में उतरने का अनुरोध किया और फिर वह सुरक्षित रूप से उतर गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्पाइसजेट की उड़ान संख्या एसजी 385 ने ‘‘दबाव संबंधी समस्या के कारण आपात स्थिति की सूचना दी।''
अधिकारियों बताया कि विमान अपराह्न तीन बजकर 27 मिनट पर हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतर गया। उन्होंने बताया कि यह विमान दिल्ली से श्रीनगर जा रहा था जिसमें चार बच्चों समेत 205 यात्री और चालक दल के सात सदस्य सवार थे।
अधिकारियों ने कहा,‘‘यात्रियों या चालक दल द्वारा विमान में किसी भी प्रकार की चिकित्सा सहायता की मांग नहीं की गई।'' उन्होंने बताया कि विमान का आवश्यक निरीक्षण किया जाएगा।
क्या हैं विमानों की इमरजेंसी लैंडिंग के आंकड़े?
हाल ही में, नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने राज्यसभा में बताया था कि जनवरी 2024 से लेकर अब तक 10 विमानों को तकनीकी खराबी के कारण इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। इस तरह देखा जाए तो आज इमरजेंसी लैंडिंग की 11वीं घटना हुई। इसके अलावा, 2 बार हवा में टर्बुलेंस (आसमान में उथल-पुथल) की घटनाएं भी सामने आईं। केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने यह जानकारी दी थी। उन्होंने बताया कि 2020 से जून 2025 तक डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) ने 171 रेगुलेटरी ऑडिट किए हैं ताकि हवाई यात्रा की सुरक्षा को और बेहतर किया जा सके।
अहमदाबाद प्लेन हादसे में गई थीं 260 लोगों की जानें
मोहोल ने यह भी बताया कि 12 जून 2025 को एयर इंडिया का एक विमान VT-ANB, जो अहमदाबाद से लंदन गैटविक जा रहा था, ने मेडे (MAYDAY) घोषित किया और दुर्भाग्यवश यह हादसे का शिकार हो गया। इस हादसे में 260 लोगों की जान चली गई। बता दें कि अहमदाबाद हादसे के बाद नागरिक उड्डयन मंत्रालय और DGCA की ओर से लगातार किए जा रहे ऑडिट और सख्ती से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि हवाई यात्रा सुरक्षित रहे। यात्रियों की हिफाजत हमेशा पहली प्राथमिकता है, और इस दिशा में हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।