Edited By Parveen Kumar,Updated: 11 Feb, 2026 09:02 PM

महाराष्ट्र के बीड जिले में जारी पुलिस भर्ती प्रक्रिया के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया। शारीरिक दक्षता परीक्षा के तहत आयोजित 1600 मीटर दौड़ में भाग ले रहे एक अभ्यर्थी की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह ट्रैक पर ही गिर पड़ा।
नेशनल डेस्क : महाराष्ट्र के बीड जिले में जारी पुलिस भर्ती प्रक्रिया के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया। शारीरिक दक्षता परीक्षा के तहत आयोजित 1600 मीटर दौड़ में भाग ले रहे एक अभ्यर्थी की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह ट्रैक पर ही गिर पड़ा।
मौके पर तैनात अधिकारियों और चिकित्सा टीम ने तुरंत उसे इलाज के लिए बीड के जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृत युवक की पहचान दीपक भास्कर वावळ के रूप में हुई है, जो परली तालुका का रहने वाला बताया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दौड़ के दौरान दीपक को अचानक चक्कर आए और वह संतुलन खो बैठा। देखते ही देखते वह मैदान पर गिर पड़ा, जिससे भर्ती स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। अन्य अभ्यर्थियों ने भी घटना पर गहरा दुख जताया।
घटना के बाद प्रशासन ने आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं शुरू कर दी हैं। शुरुआती जानकारी में स्वास्थ्य संबंधी कारणों की आशंका जताई जा रही है। इस असामयिक मौत से न केवल भर्ती केंद्र बल्कि पूरे इलाके में शोक का माहौल है। दीपक का परिवार गहरे सदमे में है, क्योंकि वह पुलिस सेवा में शामिल होने का सपना लेकर परीक्षा देने आया था।