Edited By Radhika,Updated: 09 May, 2026 06:12 PM

पंजाब के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की छापेमारी और उनकी गिरफ्तारी के बाद सियासत गरमा गई है। राज्यसभा सांसद और भाजपा नेता राघव चड्ढा ने शनिवार को आम आदमी पार्टी (AAP) पर तीखा हमला बोलते हुए इसे पंजाब की जनता के भरोसे के साथ...
नेशनल डेस्क: पंजाब के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की छापेमारी और उनकी गिरफ्तारी के बाद सियासत गरमा गई है। राज्यसभा सांसद और भाजपा नेता राघव चड्ढा ने शनिवार को आम आदमी पार्टी (AAP) पर तीखा हमला बोलते हुए इसे पंजाब की जनता के भरोसे के साथ बड़ा विश्वासघात करार दिया।
ये भी पढ़ें- Digital farewell: वक्त बदला, सरकार बदली और अब 'फॉलो लिस्ट' भी! शुभेंदु के शपथ लेते ही कोलकाता पुलिन ने ममता से तोड़ा नाता
रंगला पंजाब को बना दिया कंगला
राघव चड्ढा ने एएनआई (ANI) से बात करते हुए कहा कि 'आप' ने सत्ता में आने से पहले पंजाब को "रंगला पंजाब" बनाने का सपना दिखाया था, लेकिन हकीकत में उन्होंने राज्य की अर्थव्यवस्था को बर्बाद कर इसे "कंगला पंजाब" बना दिया है। चड्ढा ने आगे कहा कि "ED की छापेमारी के दौरान बालकनी से बैग में भरकर 21 लाख रुपये नकद फेंके जाने और करीब 100 करोड़ रुपये के हेरफेर की खबरें चौंकाने वाली हैं। यह पंजाब, पंजाबियों और पंजाबियत के साथ गद्दारी है। 'आप' ने पंजाब की तिजोरी को लूटने का काम किया है।"
ये भी पढ़ें- Viral Video: कटे हाथों के बावजूद नहीं टूटा हौसला, बुजुर्ग नाई का जज्बा देख लोग कर रहे सलाम
पार्टी के भीतर भ्रष्टाचार का आरोप
राघव चड्ढा ने उन 7 सांसदों का भी जिक्र किया जिन्होंने हाल ही में आम आदमी पार्टी छोड़ी थी। उन्होंने कहा कि उन सांसदों ने जाते समय साफ कहा था कि पार्टी अब भ्रष्ट और समझौतावादी लोगों के हाथों में है। चड्ढा के अनुसार, जब भी पार्टी के भीतर इन मुद्दों को उठाया गया, तो आवाज दबाने की कोशिश की गई।
100 करोड़ का मनी लॉन्ड्रिंग और GST घोटाला
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शनिवार को पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा को 100 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया है। यह मामला फर्जी GST (वस्तु एवं सेवा कर) लेनदेन से जुड़ा बताया जा रहा है। इस संबंध में दिल्ली, गुरुग्राम और चंडीगढ़ में कुल 5 ठिकानों पर तलाशी ली गई। इसमें 'हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड' (Hampton Sky Realty Limited) का कार्यालय भी शामिल है, जो जांच के दायरे में है।
ये भी पढ़ें- आंखों में आंसू और वो एक जादू की झप्पी... जानिए कौन है वो शख्स जिनके सामने झुके देश के PM?
अगले चुनाव में जनता सिखाएगी सबक
भाजपा नेता ने कहा कि एजेंसियां अपना काम कर रही हैं, लेकिन असली फैसला पंजाब की जनता करेगी। उन्होंने दावा किया कि आने वाले विधानसभा चुनावों में पंजाब के लोग इस "भ्रष्टाचार और धोखे" का जवाब वोट की चोट से देंगे।