Edited By Radhika,Updated: 25 Apr, 2026 11:29 AM

उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में विश्वकर्मा समाज की एक नाबालिग बेटी के साथ कथित दुष्कर्म और उसकी नृशंस हत्या को लेकर देश की सियासत गरमा गई है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने इस घटना को लेकर उत्तर प्रदेश...
नेशनल डेस्क: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में विश्वकर्मा समाज की एक नाबालिग बेटी के साथ कथित दुष्कर्म और उसकी नृशंस हत्या को लेकर देश की सियासत गरमा गई है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने इस घटना को लेकर उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है।
राहुल गांधी ने एक्स पर शेयर किया पोस्ट
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक भावुक और कड़ा पोस्ट साझा करते हुए इसे एक खतरनाक 'पैटर्न' करार दिया। राहुल ने कहा, "हाथरस, कठुआ, उन्नाव और अब गाजीपुर—यह एक पैटर्न है। मणिपुर की बेटी तो न्याय का इंतजार करते-करते दुनिया ही छोड़ गई।" उन्होंने आरोप लगाया कि हर बार पीड़ित दलित, पिछड़ा, आदिवासी या गरीब होता है और हर बार सत्ता का संरक्षण अपराधियों को मिलता है, जबकि पीड़ित परिवार को प्रताड़ित किया जाता है। राहुल ने कहा कि जिस राज्य में माता-पिता को अपनी बेटी की FIR दर्ज कराने के लिए भी गिड़गिड़ाना पड़े, उस सरकार को सत्ता में रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।

राहुल ने दोषी पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई और उच्च स्तरीय जांच की मांग करते हुए सीधे प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से सवाल किया— "बताइए, आपके राज में बेटियां इतनी असुरक्षित क्यों हैं?"

प्रियंका गांधी बोलीं- महिलाओं पर भाजपा के बयान सिर्फ दिखावा
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी गाजीपुर मामले को लेकर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अत्याचार अपने चरम पर पहुंच गया है। प्रियंका ने आरोप लगाया कि उन्नाव से लेकर गाजीपुर तक, हर बार भाजपा ने न्याय के बजाय अपराधियों का साथ दिया है। उन्होंने प्रधानमंत्री के महिला सुरक्षा वाले बयानों को 'महज दिखावा' करार देते हुए कहा कि पूरा देश भाजपा राज के इस 'अंधेरराज' को देख रहा है।
क्या है पूरा मामला?
गाजीपुर के कटरिया गांव में 14 अप्रैल की रात एक नाबालिग लड़की लापता हो गई थी, जिसका शव अगली सुबह गंगा नदी के पुल के पास मिला। वाराणसी जोन के ADG पीयूष मोर्डिया ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर FIR दर्ज कर ली गई है और पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और हर पहलू को खंगाला जा रहा है।