पेट्रोल की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर शाह का राहुल पर तंज, कही ये बड़ी बात

Edited By Updated: 07 Apr, 2026 12:44 AM

shah takes a dig at rahul over petrol price hike

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी होने के दावों को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर सोमवार को कटाक्ष करते हुए कहा कि ऐसा हुआ तो है, 'लेकिन पड़ोसी देश पाकिस्तान में।' केंद्र शासित प्रदेश में नौ अप्रैल को होने वाले...

नेशनल डेस्क : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी होने के दावों को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर सोमवार को कटाक्ष करते हुए कहा कि ऐसा हुआ तो है, ''लेकिन पड़ोसी देश पाकिस्तान में।'' केंद्र शासित प्रदेश में नौ अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले मन्नादिपेट निर्वाचन क्षेत्र में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए, वरिष्ठ भाजपा नेता ने कहा कि एक तरफ जहां राजग पुडुचेरी का विकास चाहता है, वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस नेता हैं, ''जिन्हें लगता है कि पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमतें भारत के बराबर हैं।''

शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ने पश्चिम एशिया संघर्ष के बीच पेट्रोलियम उत्पादों की उपलब्धता सुनिश्चित की है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने हाल में इस केंद्र शासित प्रदेश में एक जनसभा में कहा था कि ''खाड़ी युद्ध के कारण भारत में पेट्रोल की कीमतें बढ़ गई हैं।'' उन्होंने कहा, ''वह सही कह रहे हैं। पेट्रोल की कीमत 458 रुपये है, जबकि डीजल की कीमत 520 रुपये तक पहुंच गई है। लेकिन राहुल... ऐसा भारत में नहीं, बल्कि पाकिस्तान में हुआ है।'' उन्होंने कहा कि इसके विपरीत, देश में कीमतें स्थिर हैं और पेट्रोलियम उत्पादों की कोई कमी नहीं है।

हाल में, ईंधन की कीमतों में अभूतपूर्व वृद्धि के बाद हुए कड़े विरोध के बाद, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने पेट्रोल की कीमत में कटौती की घोषणा की थी। शाह ने विपक्षी 'इंडिया' गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि भाकपा और माकपा केंद्र शासित प्रदेश में पहले ही गठबंधन छोड़ चुकी हैं, जबकि द्रमुक और कांग्रेस पांच सीटों पर एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ रही हैं, वहीं दूसरी ओर राजग एकजुट है। सत्तारूढ़ गठबंधन की 2021 की जीत पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने उस वक्त कहा था कि 30 सीटों वाले ''छोटे राज्य'' में जीत हासिल करने में क्या बड़ी बात है।

शाह ने कहा, ''खरगे साहब, चाहे सीटें तीन हों या 300, राज्य तो राज्य ही होते हैं। हमारे लिए पुडुचेरी किसी बड़े राज्य से कम नहीं है और यह भारत का अभिन्न अंग है।'' केंद्र शासित प्रदेश में मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता ए. नमास्सिवयम के काम की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने केंद्र शासित प्रदेश को केंद्रीय निधि दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा, ''मैंने सात बार चुनाव जीता है, लेकिन रोजगार मेला आयोजित नहीं कर सका, जबकि नमास्सिवयम ने यह कर दिखाया और पुडुचेरी में कई लोगों को रोजगार दिलाया।''

'इंडिया' गठबंधन पर निशाना साधते हुए शाह ने कहा कि जहां एक ओर राजग एकजुट होकर चुनाव लड़ा रहा है, वहीं दूसरी ओर, सरकार बनने से पहले ही विपक्षी गठबंधन के घटक दल सत्ता के लिए आपस में लड़ रहे हैं। उन्होंने वी. नारायणसामी के नेतृत्व वाली पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की कड़ी आलोचना की और मेडिकल कॉलेजों में दाखिले में भी भ्रष्टाचार का आरोप लगाया।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) ने कांग्रेस शासनकाल के दौरान ''15,000 करोड़ रुपये के भ्रष्टाचार'' की ओर इशारा किया था, जबकि इस राशि का उपयोग केंद्र शासित प्रदेश के लिए तीन साल का बजट तैयार करने में किया जा सकता था। उन्होंने कहा, ''पुडुचेरी के विकास के लिए कई योजनाएं शुरू की गई हैं। दूसरी तरफ राहुल बाबा हैं जो सोचते हैं कि पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमतें भारत के बराबर हैं। मैं अपील करना चाहता हूं, एक बार फिर राजग को चुनिये।''

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!