Edited By Sahil Kumar,Updated: 21 Oct, 2025 07:33 PM

दिवाली के दिन चांदी की कीमतों में अचानक 7% तक की गिरावट दर्ज की गई, जिससे सिल्वर ईटीएफ्स भी बुरी तरह टूटे। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सप्लाई बढ़ने और तनाव कम होने से सेफ-हैवन मांग घटी। हालिया गिरावट के बाद सिल्वर ईटीएफ अब प्रीमियम की जगह डिस्काउंट पर...
नेशनल डेस्कः दिवाली से ठीक पहले तक रफ्तार पकड़ चुकी चांदी और उससे जुड़े एक्सचेंज ट्रेडेड फंड्स (Silver ETFs) ने निवेशकों को शानदार रिटर्न दिए थे। बीते एक साल में सिल्वर ईटीएफ ने 65% से 70% तक का जबरदस्त रिटर्न दिया, जिससे निवेशकों की झोली भर गई। लेकिन, दिवाली के दिन यानी 20 अक्टूबर को चांदी के भाव में ऐसी गिरावट आई कि निवेशकों को बड़ा झटका लगा। एक ही दिन में सिल्वर ईटीएफ्स 7% तक टूट गए। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या यह गिरावट चांदी को सही मूल्य स्तर पर ले आई है, या अभी भी यह निवेश के लिहाज से महंगी बनी हुई है?
क्यों टूटा चांदी का भाव?
दरअसल, इस गिरावट के पीछे अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी की भौतिक आपूर्ति (फिजिकल सप्लाई) में आया सुधार है। बीते हफ्ते तक चांदी की कमी की आशंका के चलते कीमतों में जबरदस्त तेजी थी। अक्टूबर की शुरुआत में ही चांदी की स्पॉट कीमत $40 प्रति औंस के पार चली गई थी, और अक्टूबर मध्य तक यह $50 के पार पहुंच गई। लेकिन, बीते सप्ताह के अंत में वैश्विक स्तर पर भू-राजनीतिक तनाव में कमी आई, जिससे निवेशकों ने 'सेफ हैवन' माने जाने वाले एसेट्स जैसे सोना और चांदी से हाथ खींचना शुरू किया। नतीजतन, 17 अक्टूबर को अमेरिका में चांदी की कीमतों में 6% से अधिक की गिरावट दर्ज की गई और इसका सीधा असर 20 अक्टूबर को भारतीय बाजार पर पड़ा।
इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, 20 अक्टूबर को चांदी का भाव ₹1,71,275 प्रति किलो से गिरकर ₹1,60,100 प्रति किलो पर आ गया, यानी करीब 7% की बड़ी गिरावट।
सिल्वर ईटीएफ में मची हलचल
चांदी की इस गिरावट का असर सिल्वर ईटीएफ्स पर भी दिखा। Ace MF के आंकड़ों के अनुसार, 20 अक्टूबर को देश के ज्यादातर सिल्वर ईटीएफ में 7% तक की गिरावट दर्ज की गई।
- निप्पॉन इंडिया सिल्वर ईटीएफ (SilverBees): 6.94% गिरावट
- आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल सिल्वर ईटीएफ: 6.96% गिरावट
- एक्सिस सिल्वर ईटीएफ: 6.93% गिरावट
क्या अब निवेश का सही मौका है?
इस गिरावट के बाद सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि अब सिल्वर ईटीएफ अपनी वास्तविक कीमत यानी iNAV (इंट्रा-डे नेट एसेट वैल्यू) के आसपास या उससे भी कम भाव पर ट्रेड कर रहे हैं। पहले चांदी में तेज़ी के दौरान ये ईटीएफ अपनी वैल्यू से 10-13% तक के प्रीमियम पर बिक रहे थे, जिससे निवेश महंगा हो गया था। लेकिन अब वह प्रीमियम पूरी तरह खत्म हो चुका है और कई ईटीएफ डिस्काउंट पर उपलब्ध हैं। उदाहरण के तौर पर, निप्पॉन सिल्वरबीज का iNAV ₹152 है जबकि इसका ट्रेड प्राइस ₹148.79 है। इसी तरह, ICICI प्रूडेंशियल सिल्वर ईटीएफ का iNAV ₹164.79 के मुकाबले ट्रेड प्राइस ₹153.68 है और एक्सिस सिल्वर ईटीएफ ₹163.99 के iNAV के मुकाबले ₹154.62 पर मिल रहा है। यह संकेत करता है कि बाजार अब सामान्य हो रहा है और निवेशकों को चांदी में फेयर वैल्यू या सस्ते भाव पर निवेश का अच्छा मौका मिल सकता है।