Edited By Rohini Oberoi,Updated: 08 Mar, 2026 03:21 PM

उत्तराखंड के सरोवर नगरी नैनीताल से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। दिल्ली की एक 31 वर्षीय महिला जो अकेले घूमने (Solo Trip) निकली थी एक टैक्सी ड्राइवर की दरिंदगी का शिकार होते-होते बची। ड्राइवर ने सुनसान पहाड़ी रास्ते पर महिला के साथ छेड़छाड़...
Nainital Solo Traveler Attack Case Delhi Woman : उत्तराखंड के सरोवर नगरी नैनीताल से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। दिल्ली की एक 31 वर्षीय महिला जो अकेले घूमने (Solo Trip) निकली थी एक टैक्सी ड्राइवर की दरिंदगी का शिकार होते-होते बची। ड्राइवर ने सुनसान पहाड़ी रास्ते पर महिला के साथ छेड़छाड़ और मारपीट की जिसके बाद महिला ने अपनी जान बचाने के लिए घने जंगल में छलांग लगा दी और पूरी रात खौफ के साये में छिपी रही।
आधी रात को बदला रास्ता, फिर शुरू हुआ खौफ
पुलिस के अनुसार यह घटना 5 मार्च की देर रात करीब 1:30 बजे की है। महिला काठगोदाम से नैनीताल जाने के लिए एक टैक्सी में सवार हुई थी। पटवा डांगर के पास ड्राइवर ने अचानक गाड़ी को मुख्य हाईवे से हटाकर एक सुनसान कच्चे रास्ते पर मोड़ दिया। जब महिला ने विरोध किया तो आरोपी ड्राइवर दीपक सिंह बोरा (39) ने गाली-गलौज शुरू कर दी और महिला का मोबाइल छीन लिया। आरोप है कि उसने महिला के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की और विरोध करने पर मारपीट की।
यह भी पढ़ें: ईरान जंग का Side Effect: जानें क्या दुबई के पास बचा है सिर्फ 8 दिन का राशन? UAE सरकार ने दी चेतावनी
जंगल में बिताई खौफनाक रात
हल्द्वानी के रहने वाले इस ड्राइवर के चंगुल से बचने के लिए महिला ने अदम्य साहस दिखाया। वह चलती गाड़ी से बाहर निकली और अंधेरे का फायदा उठाकर सीधे पास के घने जंगल की ओर भाग गई। बिना मोबाइल और घायल अवस्था में महिला पूरी रात झाड़ियों और पत्थरों के पीछे छिपी रही ताकि आरोपी उसे ढूंढ न सके। सूरज निकलते ही महिला किसी तरह पटवा डांगर गांव पहुंची जहां स्थानीय ग्रामीणों ने उसकी हालत देखकर मदद की और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस की कार्रवाई: चंद घंटों में धरा गया आरोपी
नैनीताल एसएसपी मंजूनाथ टीसी के नेतृत्व में पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लिया। CCTV फुटेज और टैक्सी के GPS डेटा को खंगाला गया। पुलिस ने आरोपी दीपक सिंह बोरा को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से महिला का छीना हुआ मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया है और वारदात में इस्तेमाल टैक्सी को भी जब्त कर लिया गया है।
आरोपी के खिलाफ अपहरण, लूट और दुष्कर्म के प्रयास जैसी संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
यह भी पढ़ें: उम्र 30 के पार? वो गंभीर बीमारियां जो महिलाओं की सेहत को अंदर ही अंदर कर रही हैं खोखला, वक्त रहते कर लें पहचान
टैक्सी मालिकों को सख्त चेतावनी
पुलिस प्रशासन ने साफ कर दिया है कि पर्यटकों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एसएसपी ने टैक्सी मालिकों को हिदायत दी है कि बिना पुलिस वेरिफिकेशन और पुख्ता दस्तावेजों के किसी भी ड्राइवर को गाड़ी न सौंपें वरना मालिक पर भी कार्रवाई होगी।