Edited By Swati Sharma,Updated: 27 Jul, 2026 06:10 PM

नेशनल डेस्क : बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के डुमरियाघाट थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां जमीन के चंद टुकड़ों के लालच में एक बेटे ने अपनी ही वृद्ध मां की गड़ासे से काटकर हत्या कर दी। इस हत्या के बाद आरोपी ने इसका आरोप अपने...
नेशनल डेस्क : बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के डुमरियाघाट थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां जमीन के चंद टुकड़ों के लालच में एक बेटे ने अपनी ही वृद्ध मां की गड़ासे से काटकर हत्या कर दी। इस हत्या के बाद आरोपी ने इसका आरोप अपने बड़े भाई पर मढ़कर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश भी की। वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना सरैया बदुरहा गांव (वार्ड संख्या-12) की है। मृतक की पहचान स्वर्गीय जीउत महतो की 65 वर्षीया पत्नी पार्वती देवी के रूप में हुई है। सोमवार की देर रात लगभग एक बजे, जब पार्वती देवी अपने घर में सो रही थीं, तभी आरोपी ने उनके सिर पर धारदार हथियार (गड़ासे) से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण वृद्धा की मौके पर ही मौत हो गई। इस वारदात के तुरंत बाद आरोपी धर्मदेव महतो ने अपने बड़े भाई कमलदेव महतो पर जमीन विवाद को लेकर मां की हत्या करने का आरोप लगाया। वहीं दूसरी ओर, कमलदेव की पत्नी सुनपति देवी ने धर्मदेव, चाचा सुंदरजीत महतो और चचेरे भाई राकेश कुमार पर हत्या का शक जताया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर डुमरियाघाट थानाध्यक्ष विवेक कुमार बालेंदु की अगुवाई में पुलिस टीम ने डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल ) की टीम को मौके पर बुलाया। इसके बाद संदिग्धों को हिरासत में लेकर जब वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर कड़ाई से पूछताछ की गई, तो पूरा मामला बेनकाब हो गया। पुलिस की पूछताछ के दौरान धर्मदेव महतो ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
हत्या का इल्जाम बड़े भाई पर लगाने का रचा नाटक
आरोपी ने पुलिस को बताया कि बड़ा भाई कमलदेव मां के हिस्से की जमीन अपने नाम कराने का दबाव बना रहा था। इसी रंजिश और जमीन के लालच में उसने योजनाबद्ध तरीके से गड़ासे से मां की हत्या कर दी और हत्या का इल्जाम बड़े भाई पर लगाने का नाटक रचा। पुलिस ने आरोपी धर्मदेव महतो को गिरफ्तार कर लिया है तथा हत्या में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी के लिए छापेमारी जारी है।