Edited By Sanjeev,Updated: 17 Oct, 2026 11:10 AM

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में मीरा-भायंदर महानगर पालिका की एक बैठक के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पार्षदों ने नागरिकों और पत्रकारों से कथित रूप से मारपीट की, जिसके बाद विरोध प्रदर्शन हुए और पुलिस को प्राथमिकी दर्ज करनी पड़ी।
ठाणे : महाराष्ट्र के ठाणे जिले में मीरा-भायंदर महानगर पालिका की एक बैठक के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पार्षदों ने नागरिकों और पत्रकारों से कथित रूप से मारपीट की, जिसके बाद विरोध प्रदर्शन हुए और पुलिस को प्राथमिकी दर्ज करनी पड़ी।
भायंदर थाने में शुक्रवार को इस संबंध में दो प्राथमिकी दर्ज की गई। एक प्राथमिकी में भाजपा के 17 पार्षदों के नाम शामिल हैं। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में पार्षद पत्रकारों पर कथित रूप से जूते-चप्पल फेंकते और एक पत्रकार का मोबाइल फोन तोड़ते दिखाई दे रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महानगर पालिका की एक बैठक के दौरान महापौर डिंपल मेहता ने सुरक्षा कर्मचारियों को दर्शक दीर्घा में मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर रहे लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया था।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इसके बाद सत्तारूढ़ दल के पार्षदों का एक समूह वहां पहुंचा और उन्होंने आगंतुकों के साथ धक्का-मुक्की की, साथ ही हंगामे की रिकॉर्डिंग कर रहे मीडिया कर्मियों पर भी हमला किया। पत्रकारों ने इसके बाद महानगर पालिका भवन के बाहर धरना दिया और हंगामे में शामिल पार्षदों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज करने की मांग की। कांग्रेस, शिवसेना और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) सहित विपक्षी दलों ने इस घटना की कड़ी निंदा की। एक अधिकारी ने बताया कि मामले में अब तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है और जांच जारी है।