Edited By Pardeep,Updated: 19 Oct, 2026 12:49 AM

मध्यप्रदेश के नर्मदापुरम जिले में रविवार को एक पटवारी ने कथित तौर पर ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। इसके कुछ घंटे बाद पिपरिया रेलवे स्टेशन के पास खड़ी एक कार में उसके दो बेटों के शव मिले। पुलिस ने यह जानकारी दी।
नर्मदापुरमः मध्यप्रदेश के नर्मदापुरम जिले में रविवार को एक पटवारी ने कथित तौर पर ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। इसके कुछ घंटे बाद पिपरिया रेलवे स्टेशन के पास खड़ी एक कार में उसके दो बेटों के शव मिले। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पिपरिया के अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) आशीष कुमार पवार ने फोन पर मीडिया को बताया कि रायसेन जिले के उदयपुरा में पदस्थ पटवारी अजय धाकड़ ने अपराह्न करीब ढाई बजे पिपरिया रेलवे स्टेशन के पास संघमित्रा एक्सप्रेस के आगे छलांग लगा दी। पवार ने बताया कि ट्रेन की टक्कर से धाकड़ का सिर धड़ से अलग हो गया। रेलवे पुलिस ने पटरी से उनके शव के दो हिस्से बरामद किए। पटवारी के चाचा प्रताप सिंह धाकड़ ने बताया कि उनके भतीजे के दोनों बेटों शिवम और समर्थ के शव शाम करीब छह बजे रेलवे स्टेशन के पार्किंग क्षेत्र में खड़ी एक बंद कार में मिले।
पवार के अनुसार, दोनों बच्चों के शव कार में सीटों के बीच चादर से ढके हुए मिले। शुरुआती जांच में दोनों बच्चों की गर्दन पर ऐसे निशान मिले हैं, जो गला घोंटे जाने की ओर संकेत करते हैं। पवार ने कहा कि बच्चों की मौत के हालात और धाकड़ के कथित तौर पर आत्महत्या करने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। अजय धाकड़ रायसेन जिले के बरेली स्थित अलीगंज गांव के निवासी थे।
प्रताप सिंह धाकड़ ने बताया कि अजय की मौत की खबर मिलने के बाद परिवार ने बच्चों की तलाश शुरू की। बाद में रेलवे स्टेशन के पास खड़ी कार में उनके शव मिले। उन्होंने बताया कि शिवम और समर्थ क्रमशः छठी और नौवीं कक्षा में पढ़ते थे। प्रताप सिंह धाकड़ ने कहा, ''अजय धाकड़ दोनों बच्चों को फिल्म दिखाने के बहाने पिपरिया लेकर आए थे, लेकिन बाद में परिवार को उनकी मौत की खबर मिली।''