Edited By Mansa Devi,Updated: 02 Apr, 2026 09:38 AM

आज के डिजिटल दौर में पैसे भेजना पहले से कहीं ज्यादा आसान हो गया है। जेब से फोन निकाला, QR कोड स्कैन किया, रकम डाली और कुछ ही सेकंड में पैसा सीधे दूसरे के खाते में पहुंच जाता है।
नेशनल डेस्क: आज के डिजिटल दौर में पैसे भेजना पहले से कहीं ज्यादा आसान हो गया है। जेब से फोन निकाला, QR कोड स्कैन किया, रकम डाली और कुछ ही सेकंड में पैसा सीधे दूसरे के खाते में पहुंच जाता है। यही वजह है कि UPI आज छोटे दुकानदारों से लेकर बड़े शोरूम तक हर जगह इस्तेमाल हो रहा है। लेकिन आखिर यह सिस्टम इतनी तेजी और सुरक्षा के साथ काम कैसे करता है, आइए इसे आसान भाषा में समझते हैं।
क्या है UPI?
UPI का पूरा नाम यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस है। इसे नेशनल पेमेंट्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने तैयार किया है। यह एक रियल-टाइम पेमेंट सिस्टम है, जो मोबाइल के जरिए सीधे बैंक खाते से पैसे भेजने और प्राप्त करने की सुविधा देता है। इसकी खास बात यह है कि इसमें न तो बार-बार बैंक डिटेल भरने की जरूरत होती है और न ही लंबी प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है।
UPI कैसे करता है काम?
रियल-टाइम ट्रांजैक्शन
UPI की सबसे बड़ी ताकत इसकी स्पीड है। जैसे ही आप पेमेंट करते हैं, पैसा तुरंत सामने वाले के खाते में पहुंच जाता है। इसमें बैंक के काम करने के समय (बिजनेस आवर) की कोई बाध्यता नहीं होती।
सभी बैंकों के बीच कनेक्टिविटी
UPI की एक खासियत “इंटरऑपरेबिलिटी” है। इसका मतलब है कि आप किसी भी बैंक या ऐप से किसी भी दूसरे बैंक या ऐप में पैसा भेज सकते हैं।
NPCI ने इसके लिए एक ऐसा नेटवर्क तैयार किया है, जिसमें सभी बैंक और पेमेंट ऐप आपस में जुड़े रहते हैं।
यूनिक पेमेंट एड्रेस (VPA)
हर UPI यूजर को एक यूनिक आईडी मिलती है, जिसे वर्चुअल पेमेंट एड्रेस (VPA) कहा जाता है। यह कुछ हद तक ईमेल एड्रेस जैसा होता है। इससे फायदा यह है कि आपको अपना अकाउंट नंबर या IFSC कोड शेयर करने की जरूरत नहीं पड़ती सिर्फ VPA से ही पेमेंट हो जाता है।
सुरक्षित API सिस्टम
UPI ऐप्स, सिस्टम से जुड़ने के लिए सिक्योर API (एप्लिकेशन प्रोग्रामिंग इंटरफेस) का इस्तेमाल करती हैं। API एक तरह का डिजिटल पुल होता है, जो अलग-अलग सॉफ्टवेयर और बैंकों को सुरक्षित तरीके से जोड़ता है। इससे पूरे सिस्टम की सुरक्षा और भरोसा बना रहता है।
क्यों बना इतना लोकप्रिय?
UPI की आसान प्रक्रिया, तेज स्पीड और मजबूत सुरक्षा इसे आम लोगों के बीच बेहद लोकप्रिय बना चुकी है। आज चाय की दुकान से लेकर मॉल तक हर जगह इसका इस्तेमाल हो रहा है। संक्षेप में कहें तो UPI ने डिजिटल पेमेंट को न सिर्फ आसान बनाया है, बल्कि इसे हर व्यक्ति की रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा भी बना दिया है।