Edited By Radhika,Updated: 11 Oct, 2025 11:34 AM

भारतीय टेलीविजन का महाकाव्य 'महाभारत' एक बार फिर दर्शकों के बीच लौट रहा है। इससे पहले कोविड के समय में महाभारत के प्रसारण ने लोगों के दिलों में अलग जगह बनाई थी।
नेशनल डेस्क : भारतीय टेलीविजन का महाकाव्य 'महाभारत' एक बार फिर दर्शकों के बीच लौट रहा है। इससे पहले कोविड के समय में महाभारत के प्रसारण ने लोगों के दिलों में अलग जगह बनाई थी। इस बार यह महाभारत अलग होने वाला है। इस बार यह पूरी तरह से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की तकनीक से संवारा गया है। प्रसार भारती और कलेक्टिव मीडिया नेटवर्क ने मिलकर इस पौराणिक गाथा को अत्याधुनिक डिजिटल रूप दिया है।
25 अक्टूबर से होगा प्रसारण-
इस विशेष AI-आधारित महाभारत का डिजिटल प्रीमियर 25 अक्टूबर को प्रसार भारती के ओटीटी प्लेटफॉर्म 'वेव्स' पर होगा। इसके बाद 2 नवंबर से यह हर रविवार को सुबह 11 बजे दूरदर्शन के राष्ट्रीय चैनल पर प्रसारित किया जाएगा, ठीक उसी तरह जैसे कभी रविवार की सुबह लाखों घरों में शंखनाद के साथ इस महागाथा की शुरुआत हुआ करती थी।

फिर रचा जाएगा इतिहास-
यह नई पहल कुरुक्षेत्र के रण, भगवान कृष्ण के उपदेश, अर्जुन की दुविधा और द्रौपदी के साहस को AI तकनीक के उपयोग से सिनेमा के परदे जैसी भव्यता और उच्च गुणवत्ता वाले दृश्यों में फिर से रचेगी।
परंपरा और आधुनिकता का संगम
प्रसार भारती के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) गौरव द्विवेदी ने इस परियोजना के बारे में बात करते हुए कहा कि लॉकडाउन के दौरान जब महाभारत का पुन: प्रसारण हुआ, तो यह स्पष्ट हुआ कि यह कथा पीढ़ियों को एक साथ जोड़ने वाली एक महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने कहा, "AI आधारित यह प्रस्तुति दर्शकों को परंपरा के सम्मान के साथ एक नया और आकर्षक अनुभव देगी।"
कलेक्टिव नेटवर्क के CEO विजय सुब्रमण्यम ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा, "हमने अपने बचपन में रविवार की सुबह कृष्ण की वाणी सुनी थी। अब समय आ गया है कि नई पीढ़ी भी आधुनिकता के आईने में उसी भावनात्मक और सांस्कृतिक अनुभव को महसूस करे।"
इस नए अवतार में AI तकनीक का उपयोग पुरानी फुटेज की गुणवत्ता को सुधारने, दृश्यों को निखारने और उन्हें एक contemporary cinematic स्वरूप देने के लिए किया गया है, ताकि यह महागाथा आज के डिजिटल दर्शकों को भी उतनी ही प्रभावित कर सके।