Edited By Ramanjot,Updated: 11 Oct, 2026 01:22 PM

त्योहारी सीजन की शुरुआत के साथ ही भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में नई गाड़ियों की जबरदस्त बहार देखने को मिल रही है। वाहन निर्माता कंपनियों ने हर वर्ग के ग्राहकों को ध्यान में रखते हुए अपने नए मॉडल और अपडेटेड फेसलिफ्ट लॉन्च किए हैं
नई दिल्ली: त्योहारी सीजन की शुरुआत के साथ ही भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में नई गाड़ियों की जबरदस्त बहार देखने को मिल रही है। वाहन निर्माता कंपनियों ने हर वर्ग के ग्राहकों को ध्यान में रखते हुए अपने नए मॉडल और अपडेटेड फेसलिफ्ट लॉन्च किए हैं। इस बार बाजार में 6 लाख रुपए की कार से लेकर 3.35 करोड़ रुपए तक की लग्जरी एसयूवी उपलब्ध हैं। आइए जानते हैं इस सीजन लॉन्च हुई सभी गाड़ियों के विकल्प-
1. बजट और मिड-साइज सेगमेंट (6 लाख रुपए से 20 लाख रुपए तक)
बजट और फैमिली कार सेगमेंट में ग्राहकों को लुभाने के लिए कंपनियों ने नए मॉडल और फेसलिफ्ट पेश किए हैं:
एंट्री-लेवल कारें: टाटा मोटर्स ने अपनी नई कार Aeris (एरीस) को 6.27 लाख रुपए की शुरुआती कीमत पर बाजार में उतारा है। वहीं, मारुति सुजुकी की नई Baleno (बलेनो) ₹7.08 लाख की शुरुआती कीमत पर उपलब्ध है। इसके अलावा टोयोटा भी 14 अक्टूबर को अपनी Glanza Facelift (ग्लैंजा फेसलिफ्ट) को लगभग 6 लाख रुपए की शुरुआती कीमत पर लॉन्च करने जा रही है।
10 लाख से 20 लाख रुपए तक: एसयूवी और सेडान के शौकीनों के लिए महिंद्रा ने Thar OG (थार ओजी) को ₹12.5 लाख की शुरुआती कीमत पर पेश किया है। वहीं होंडा ने नई Elevate Facelift (एलिवेट फेसलिफ्ट) ₹11.8 लाख से ₹18 लाख की कीमत पर पेश की है, जबकि Skoda Slavia Facelift (स्कोडा स्लाविया फेसलिफ्ट) ₹10 लाख से ₹19 लाख की रेंज में उपलब्ध है।
2. प्रीमियम एसयूवी और हाइब्रिड सेगमेंट (20 लाख से 40 लाख रुपए तक)
MG Tomahawk सीरीज: एमजी (MG) ने इलेक्ट्रिक और हाइब्रिड सेगमेंट में दांव खेलते हुए Hector Tomahawk EV को ₹20 लाख और इसके प्लग-इन हाइब्रिड (PHEV) वर्जन को ₹30 लाख की कीमत पर उतारा है।
Kia Sorento: किआ ने अपनी प्रीमियम एसयूवी Sorento को ₹34 लाख की शुरुआती कीमत के साथ पेश किया है।
3. अल्ट्रा-लग्जरी और फ्लैगशिप कारें (40 लाख से 3.35 करोड़ रुपए तक)
BMW: कंपनी ने X1 (लॉन्ग-व्हीलबेस) को ₹59 लाख और ऑल-इलेक्ट्रिक i5 (लॉन्ग-व्हीलबेस) को ₹79.60 लाख में लॉन्च किया है। इसके अलावा अपडेटेड 7-Series भी पेश की गई है, जिसमें इलेक्ट्रिक i7 की शुरुआती कीमत ₹1.95 करोड़ रखी गई है।
Mercedes-Benz: मर्सिडीज-बेंज ने अपनी अल्ट्रा-लग्जरी Maybach S-Class Facelift (मेबैक S-क्लास फेसलिफ्ट) को ₹3.35 करोड़ की कीमत पर लॉन्च किया है।