IPO से पहले Jio प्लेटफॉर्म्स ने एंकर निवेशकों को 8109.85 करोड़ रुपए के शेयर आवंटित किए

Edited By Updated: 20 Oct, 2026 12:57 PM

ahead of its ipo jio platforms allotted shares worth rs 8 109 85 crore

जियो प्लेटफॉर्म्स ने अपने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) से पहले मूल्य दायरे के ऊपरी स्तर पर 212 एंकर यानी बड़े निवेशकों को 8,109.85 करोड़ रुपए के शेयर आवंटित किए हैं। कंपनी के शेयरों के लिए संस्थागत निवेशकों की बोली का आंकड़ा 2.5 लाख

नई दिल्लीः जियो प्लेटफॉर्म्स ने अपने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) से पहले मूल्य दायरे के ऊपरी स्तर पर 212 एंकर यानी बड़े निवेशकों को 8,109.85 करोड़ रुपए के शेयर आवंटित किए हैं। कंपनी के शेयरों के लिए संस्थागत निवेशकों की बोली का आंकड़ा 2.5 लाख करोड़ रुपए से अधिक रहा है, जो एंकर निवेशकों के लिए रखे गए शेयरों की तुलना में 30 गुना से अधिक है। शेयर बाजारों के पास उपलब्ध सूचना और मामले की जानकारी रखने वाले सूत्रों ने यह जानकारी दी। 

कंपनी में हिस्सेदारी लेने के इच्छुक निवेशकों में वैश्विक परिसंपत्ति प्रबंधक, सरकारी निवेश कोष, घरेलू म्यूचुअल फंड और बीमा कंपनियां शामिल हैं। रिलायंस इंडस्ट्रीज की यह अनुषंगी कंपनी शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने की तैयारी कर रही है। रिलायंस इंडस्ट्रीज के पास जियो प्लेटफॉर्म्स की 66.43 प्रतिशत हिस्सेदारी है। मामले से जुड़े सूत्रों ने बताया कि कंपनी की करीब 8,110 करोड़ रुपए की 'एंकर बुक' के लिए 30 गुना से अधिक बोलियां मिलीं। 

बुधवार को आईपीओ खुलने से पहले कंपनी ने एंकर निवेशकों को मूल्य दायरे के ऊपरी स्तर 1,119 रुपए के भाव पर 7.24 करोड़ शेयर आवंटित किए हैं। संस्थागत निवेशकों की ओर से दिखाई गई इस रुचि से दूरसंचार एवं डिजिटल सेवाओं के कारोबार में निवेश की उनकी मजबूत दिलचस्पी का पता चलता है। सूत्रों ने बताया कि 'एंकर बुक' श्रेणी के लिए बोलियां लगाने वाली वैश्विक निवेश कंपनियों में ब्लैकरॉक, कैपिटल ग्रुप, फिडेलिटी इन्वेस्टमेंट्स, टी. रो प्राइस, श्रोडर्स, जेपी मॉर्गन एसेट मैनेजमेंट, फ्रैंकलिन टेम्पलटन, इनवेस्को और जेनस हेंडरसन शामिल हैं। 'एंकर बुक' आईपीओ में बड़े संस्थागत निवेशकों से जुटाई जाने वाली बोलियों और निवेश की प्रक्रिया से जुड़ी होती है। उन्होंने बताया कि सिंगापुर के जीआईसी, अबू धाबी निवेश प्राधिकरण, कतर निवेश प्राधिकरण और नॉर्वे के नोर्गेस बैंक इन्वेस्टमेंट मैनेजमेंट समेत सरकारी और सार्वजनिक निवेश संस्थानों ने भी निवेश के लिए बोलियां लगाईं। भारतीय संस्थानों की भी इसमें प्रमुख भागीदारी रही। 

बोली लगाने वालों में एसबीआई म्यूचुअल फंड, आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल म्यूचुअल फंड, एचडीएफसी म्यूचुअल फंड, आदित्य बिड़ला सन लाइफ म्यूचुअल फंड, निप्पॉन इंडिया म्यूचुअल फंड और कोटक महिंद्रा एसेट मैनेजमेंट कंपनी जैसे प्रमुख म्यूचुअल फंड शामिल रहे। सूत्रों के अनुसार, भारतीय जीवन बीमा निगम, एचडीएफसी लाइफ इंश्योरेंस, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, एसबीआई पेंशन फंड्स, एचडीएफसी पेंशन और आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल समेत बीमा कंपनियों और पेंशन कोषों ने भी बोलियां लगाईं।

जियो प्लेटफॉर्म्स 30,213 करोड़ रुपए जुटाने के लिए आईपीओ ला रही है। यह सार्वजनिक अभिदान के लिए 21 अक्टूबर को खुलेगा और 23 अक्टूबर को बंद होगा। इसके लिए मूल्य दायरा 1,065 से 1,119 रुपए प्रति शेयर तय किया गया है। निर्गम में 27 करोड़ तक नए शेयर जारी किए जाएंगे। इसमें मौजूदा शेयरधारकों की ओर से बिक्री पेशकश (ओएफएस) शामिल नहीं होगी। इस आईपीओ के भारत का अबतक का सबसे बड़ा सार्वजनिक निर्गम बनने की उम्मीद है। मूल्य दायरे के ऊपरी स्तर पर कंपनी का मूल्यांकन करीब 108 अरब अमेरिकी डॉलर हो सकता है।
 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!