HUL का दूसरी तिमाही का लाभ 2,796 करोड़ रुपए पर स्थिर

Edited By Updated: 28 Oct, 2026 01:32 PM

hul s second quarter profit remains steady at rs 2 796 crore

दैनिक उपयोग के उपभोक्ता सामान (एफएमसीजी) क्षेत्र की प्रमुख कंपनी हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड (एचयूएल) का चालू वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ सालाना आधार पर 2,796 करोड़ रुपए पर स्थिर रहा। इसमें 273 करोड़ रुपए का

नई दिल्लीः दैनिक उपयोग के उपभोक्ता सामान (एफएमसीजी) क्षेत्र की प्रमुख कंपनी हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड (एचयूएल) का चालू वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ सालाना आधार पर 2,796 करोड़ रुपए पर स्थिर रहा। इसमें 273 करोड़ रुपए का एकमुश्त कर लाभ शामिल है। वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी (जुलाई-सितंबर) तिमाही में कंपनी का शुद्ध लाभ 2,791 करोड़ रुपए रहा था। 

एचयूएल ने बुधवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि समीक्षाधीन तिमाही में उत्पादों की बिक्री से कंपनी का राजस्व 14.77 प्रतिशत बढ़कर 18,037 करोड़ रुपए हो गया, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 15,715 करोड़ रुपए था। कंपनी के अनुसार, कर पूर्व आय (ईबीआईटीडीए) सालाना आधार पर आठ प्रतिशत बढ़कर 4,089 करोड़ रुपए हो गई। कंपनी का ईबीआईटीडीए मार्जिन 22.6 प्रतिशत रहा, जो कंपनी द्वारा तय सीमा के भीतर है। असाधारण मदों से पहले शुद्ध लाभ सालाना आधार पर नौ प्रतिशत बढ़ा। 

कंपनी ने कहा, '' उक्त अवधि में 273 करोड़ रुपए के एकमुश्त कर संबंधी लाभ को असाधारण मदों में शामिल किए जाने के कारण कर बाद लाभ 2,796 करोड़ रुपए पर स्थिर रहा।'' दूसरी तिमाही में विज्ञापन एवं प्रचार पर खर्च 9.25 प्रतिशत घटकर 1,481 करोड़ रुपए रह गया। 2025-26 की समान तिमाही में यह 1,632 करोड़ रुपए था। समीक्षाधीन तिमाही में एचयूएल का कुल खर्च सालाना आधार पर 15.8 प्रतिशत बढ़कर 14,574 करोड़ रुपए हो गया। अन्य आय सहित कंपनी की कुल आय दूसरी तिमाही में 14.44 प्रतिशत बढ़कर 18,386 करोड़ रुपए रही। 

एचयूएल की मुख्य कार्यपालक अधिकारी एवं प्रबंध निदेशक (सीईओ एवं एमडी) प्रिया नायर ने कहा, ''भारतीय अर्थव्यवस्था मजबूत बनी हुई है और व्यापक आर्थिक संकेतक खपत के अनुकूल माहौल का समर्थन कर रहे हैं। हम दीर्घकालिक क्षमताएं विकसित करने में निवेश जारी रखे हुए हैं और प्रतिस्पर्धी, मात्रा आधारित लाभ वृद्धि देने की 'न्यू इंडिया में जीत' रणनीति पर कायम हैं।'' खंडवार राजस्व की जानकारी देते हुए कंपनी ने बताया कि दूसरी तिमाही में सर्फ एक्सेल, रिन और विम जैसे प्रमुख ब्रांड वाले उसके 'होम केयर' खंड का राजस्व 21.4 प्रतिशत बढ़कर 6,878 करोड़ रुपए हो गया। 'ब्यूटी एंड वेलबीइंग' खंड का राजस्व 15.72 प्रतिशत बढ़कर 4,319 करोड़ रुपए  रहा। इस खंड में लैक्मे, डव, लक्स और ओजिवा जैसे ब्रांड शामिल हैं। 

कंपनी के 'पर्सनल केयर' खंड का राजस्व वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में 7.9 प्रतिशत बढ़कर 2,617 करोड़ रुपए हो गया। वहीं खाद्य खंड का राजस्व 8.51 प्रतिशत बढ़कर 3,849 करोड़ रुपए रहा, जबकि निर्यात सहित अन्य खंड का राजस्व 2.17 प्रतिशत बढ़कर 563 करोड़ रुपए रहा। चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही (अप्रैल-सितंबर) में एचयूएल की कुल एकीकृत आय 12.15 प्रतिशत बढ़कर 35,915 करोड़ रुपए रही। इसके अलावा, एचयूएल के निदेशक मंडल ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 19 रुपए प्रति शेयर के अंतरिम लाभांश की बुधवार को घोषणा की।  

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!