Edited By jyoti choudhary,Updated: 22 Aug, 2026 02:45 PM

Apple layoffs: टेक दिग्गज Apple अपने कारोबार में बड़ा बदलाव कर रही है। कंपनी अब हार्डवेयर से ज्यादा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और नए AI आर्किटेक्चर पर फोकस बढ़ा रही है। इसी रणनीति के तहत Siri, Vision Pro और कुछ सॉफ्टवेयर टीमों में करीब 200 पदों को खत्म...
Apple layoffs: टेक दिग्गज Apple अपने कारोबार में बड़ा बदलाव कर रही है। कंपनी अब हार्डवेयर से ज्यादा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और नए AI आर्किटेक्चर पर फोकस बढ़ा रही है। इसी रणनीति के तहत Siri, Vision Pro और कुछ सॉफ्टवेयर टीमों में करीब 200 पदों को खत्म किया जा रहा है।
मामले से परिचित लोगों के मुताबिक, एप्पल के सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग डिविजन की इंटेलिजेंट सिस्टम्स एक्सपीरियंस टीम में भी छंटनी की गई है। यह टीम डिवाइस में इस्तेमाल होने वाले कई AI फीचर्स पर काम करती है।
Siri को नए सिरे से तैयार कर रही Apple
Apple अपने डिजिटल असिस्टेंट Siri को पूरी तरह नए AI सिस्टम पर तैयार करने में जुटी है। कंपनी का फोकस अब ऐसे इंजीनियरों पर है, जिन्हें Generative AI और आधुनिक AI आर्किटेक्चर का अनुभव हो।
इसी बदलाव के दौरान पुरानी भूमिकाओं को खत्म कर नई AI-केंद्रित नौकरियां तैयार की जा रही हैं। रिपोर्ट के मुताबिक Siri और Software से जुड़ी टीमों में करीब 100 पद प्रभावित हुए हैं।
Vision Pro टीम में भी बड़ा बदलाव
छंटनी का दूसरा बड़ा असर Vision Pro संगठन पर पड़ा है। कंपनी ने हेडसेट के लिए गेमिंग पर केंद्रित टीम को काफी छोटा कर दिया है। इसके अलावा Vision Pro के लिए इमर्सिव वीडियो कंटेंट (Immersive Video Content) तैयार करने वाली यूनिट में भी कर्मचारियों की संख्या घटाई गई है। करीब 100 पद Vision Pro संगठन से जुड़े बताए जा रहे हैं।
महंगा Vision Pro बना चुनौती
Vision Pro को Apple ने Spatial Computing की दिशा में एक बड़े प्रोडक्ट के तौर पर पेश किया था लेकिन इसकी ऊंची कीमत और भारी डिजाइन ने बड़े पैमाने पर ग्राहकों तक पहुंच बनाने में मुश्किल पैदा की। इसके साथ ही इमर्सिव वीडियो कंटेंट तैयार करने की लागत भी काफी ज्यादा रही। सीमित यूजर बेस के कारण इस तरह के कंटेंट पर होने वाला खर्च कंपनी के लिए चुनौती बन गया।
Apple ने क्या कहा?
Apple ने टीमों में बदलाव की पुष्टि करते हुए कहा है कि कंपनी अपने कारोबार को बेहतर बनाने और यूजर्स को बेहतर अनुभव देने के लिए कुछ टीमों का पुनर्गठन कर रही है। कंपनी के मुताबिक, इस प्रक्रिया में नई भूमिकाएं बनाई जाएंगी लेकिन कुछ मौजूदा पदों पर भी असर पड़ेगा। Apple ने प्रभावित कर्मचारियों को कंपनी के भीतर दूसरी भूमिकाओं के लिए आवेदन करने का मौका देने की बात कही है।