Edited By jyoti choudhary,Updated: 27 Oct, 2026 10:47 AM

अगर आपका खाता पंजाब नेशनल बैंक (PNB) में है और आप लंबे समय से उसका इस्तेमाल नहीं कर रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए महत्वपूर्ण है। बैंक ने ऐसे खातों को बंद करने की तैयारी की है, जिनमें पिछले तीन साल से कोई ग्राहक लेनदेन नहीं हुआ है और बैलेंस भी शून्य...
नई दिल्लीः अगर आपका खाता पंजाब नेशनल बैंक (PNB) में है और आप लंबे समय से उसका इस्तेमाल नहीं कर रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए महत्वपूर्ण है। बैंक ने ऐसे खातों को बंद करने की तैयारी की है, जिनमें पिछले तीन साल से कोई ग्राहक लेनदेन नहीं हुआ है और बैलेंस भी शून्य है। ऐसे खाताधारकों को 10 नवंबर 2026 से पहले जरूरी प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है।
किन खातों पर होगी कार्रवाई?
पीएनबी की 26 अक्टूबर 2026 की सूचना के मुताबिक, बैंक उन खातों को बंद करने की प्रक्रिया पूरी करेगा, जिनमें 30 सितंबर 2026 तक पिछले तीन साल से ग्राहक की ओर से कोई लेनदेन नहीं किया गया है। साथ ही, इन खातों में बैलेंस भी जीरो होना जरूरी है।
इसका मतलब है कि सितंबर 2023 या उससे पहले से इस्तेमाल नहीं किए जा रहे और शून्य बैलेंस वाले खाते इस कार्रवाई के दायरे में आ सकते हैं। हालांकि, केवल लंबे समय से लेनदेन नहीं होने के आधार पर सभी खातों को बंद नहीं किया जाएगा।
10 नवंबर से पहले क्या करें?
अगर आपका पीएनबी खाता लंबे समय से इस्तेमाल नहीं हुआ है, तो सबसे पहले बैंक से संपर्क करके उसकी मौजूदा स्थिति की जानकारी लें। यदि आपका खाता बंद होने वाली श्रेणी में आता है, तो बैंक के निर्देशों के अनुसार जरूरी औपचारिकताएं पूरी करें।
इसके लिए नजदीकी पीएनबी शाखा में जाकर जानकारी लेना बेहतर रहेगा। अपने साथ बैंक पासबुक, पहचान और पते से जुड़े वैध दस्तावेज तथा जरूरत पड़ने पर PAN कार्ड लेकर जाएं। बैंक की ओर से KYC अपडेट करने या खाता दोबारा सक्रिय कराने के लिए अतिरिक्त दस्तावेज भी मांगे जा सकते हैं।
ध्यान रखें कि केवल खाते में पैसे जमा करने या मोबाइल बैंकिंग ऐप खोलने से खाता दोबारा सक्रिय होने की गारंटी नहीं है। बैंक से प्रक्रिया पूरी होने की पुष्टि जरूर करें।
बैंक क्यों बंद कर रहा है खाते?
लंबे समय से इस्तेमाल नहीं होने वाले खातों के दुरुपयोग की आशंका कम करना और बैंकिंग रिकॉर्ड को व्यवस्थित रखना इस कदम के संभावित उद्देश्य हैं।
PNB ग्राहकों के लिए जरूरी सलाह: 10 नवंबर 2026 से पहले अपने पुराने खाते की स्थिति जरूर जांच लें। जानकारी के लिए बैंक की आधिकारिक वेबसाइट या नजदीकी शाखा से संपर्क करें। किसी अनजान लिंक पर KYC अपडेट न करें और किसी के साथ OTP, PIN या बैंकिंग पासवर्ड साझा न करें।