Edited By jyoti choudhary,Updated: 10 Mar, 2026 05:39 PM

अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले मंगलवार को रुपया अपने रिकॉर्ड निचले स्तर से जोरदार वापसी करते हुए 36 पैसे की बढ़त के साथ 91.85 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर पहुंच गया। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कम होने की उम्मीदों के बीच वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में आई...
बिजनेस डेस्कः अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले मंगलवार को रुपया अपने रिकॉर्ड निचले स्तर से जोरदार वापसी करते हुए 36 पैसे की बढ़त के साथ 91.85 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर पहुंच गया। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कम होने की उम्मीदों के बीच वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में आई भारी गिरावट से रुपए को मजबूती मिली। विदेशी मुद्रा कारोबारियों के अनुसार, घरेलू शेयर बाजारों में बढ़त और कमजोर डॉलर ने भी भारतीय मुद्रा को मजबूती प्रदान की।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 91.92 पर खुला और 91.71 से 92.19 के दायरे में कारोबार करने के बाद 91.85 (अस्थायी) पर बंद हुआ। सोमवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 92.21 पर बंद हुआ था जो इसका सर्वकालिक निचला स्तर था।
मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, "रुपया वैश्विक बाजारों में जोखिम कम होने की धारणा और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरान युद्ध जल्द खत्म होने के संकेतों के बाद रिकॉर्ड निचले स्तर से उबर गया। इसके अलावा, डॉलर इंडेक्स में गिरावट और कच्चे तेल की कीमतों में भारी कमी ने भी रुपए की मजबूती में मदद की है।" उन्होंने कहा कि डॉलर-रुपए की विनिमय दर 91.60 से 92.20 के बीच रहने की उम्मीद है।
वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 8.31 प्रतिशत टूटकर 90.74 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था। इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को मापने वाला डॉलर सूचकांक 0.52 प्रतिशत के नुकसान के साथ 99.33 पर आ गया। घरेलू शेयर बाजार के मोर्चे पर, सेंसेक्स 639.82 अंक चढ़कर 78,205.98 अंक पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 233.55 अंक बढ़कर 24,261.60 अंक पर पहुंच गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने सोमवार को शुद्ध आधार पर 6,345.57 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।